
हनुमानगढ़। महाशिवरात्रि का पावन पर्व रविवार को पूरे जिले में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। जंक्शन देवभूमि स्थित श्री काशी विश्वनाथ महादेव मन्दिर में श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास द्वारा विशेष आयोजन किए गए। दिनभर भगवान शंकर का जल एवं दूध से अभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
प्रातःकाल पूर्व उपसभापति नगीना बाई, प्रन्यास के संस्थापक एवं अध्यक्ष अश्वनी नारंग, सचिव चिमन मित्तल, उपाध्यक्ष रामचन्द्र बाघला, भीष्म कौशिक, रत्तीराम शाक्य, महावीर शर्मा, सुरेन्द्र गाड़ी, विजय भूतना, सहित समस्त सदस्यों ने पंडित धर्मेंद्र तिवाड़ी के सानिध्य में शिवलिंग पर बेलपत्र, धतूरा आदि अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।
मंदिर में दिनभर भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर दिखाई दिए। सुबह से ही दर्शनार्थियों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं, जो देर शाम तक जारी रहीं। श्रद्धालुओं ने परिवार सहित पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रन्यास की ओर से सुबह 5 बजे से रात्रि प्रभु इच्छा तक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। भंडारे की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
रात्रि में भजन-कीर्तन एवं महाआरती का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा, अनुशासन और भव्यता के साथ संपन्न हुआ।
