आयोजन के बैनर व निमंत्रण कार्ड का लोकार्पण, 12 नवंबर को निकलेगी भव्य कलश यात्रा; श्रद्धालुओं के ठहरने और भोजन की व्यवस्थाओं पर हुई चर्चा

हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ टाउन स्थित श्री सिद्धेश्वर धाम में आगामी 13 से 19 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाली श्रीराम कथा, भव्य श्री लक्ष्मीनारायण यज्ञ एवं काशी जी की दिव्य गंगा आरती अनुष्ठान की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्री सुन्दरकाण्ड मित्र मंडल समिति की ओर से महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, प्रचार-प्रसार, श्रद्धालुओं की सहभागिता तथा बाहर से आने वाले भक्तों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान 12 नवंबर 2026, गुरुवार को आयोजित होने वाली भव्य कलश यात्रा के प्रचार-प्रसार के लिए तैयार किए गए बैनर और निमंत्रण कार्ड का विधिवत लोकार्पण किया गया। मंडल अध्यक्ष सुशील गर्ग, संरक्षक जय नारायण राजपुरोहित और छोटी बच्ची राधा पारीक ने संयुक्त रूप से लोकार्पण किया। समिति सदस्यों ने आयोजन को भव्य एवं दिव्य स्वरूप देने के लिए सामूहिक रूप से सहयोग करने का संकल्प लिया।
ऋषिकेश के संत गोविंद दास महाराज करेंगे श्रीराम कथा का वाचन
आयोजन के तहत नौ कुंडीय वैदिक श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ का संचालन विशिष्ट विद्वान आचार्यों के सान्निध्य में किया जाएगा। वहीं, श्रीराम कथा का वाचन ऋषिकेश से पधार रहे ब्रह्मचारी संत श्री गोविंद दास जी महाराज के श्रीमुख से होगा। समिति के अनुसार, यह आयोजन नशामुक्त संसार और संस्कारमय जीवन का संदेश देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कार्यक्रम की निर्धारित रूपरेखा के अनुसार, प्रतिदिन सुबह 8 बजे से यज्ञ एवं प्रार्थना का आयोजन होगा। श्रीराम कथा दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। इसके अतिरिक्त प्रतिदिन शाम 6 बजे काशी जी की विश्व प्रसिद्ध दिव्य गंगा आरती आयोजित की जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगी।
बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए होंगी विशेष व्यवस्थाएं
समिति की बैठक में कोलकाता, सूरत, अहमदाबाद, वडोदरा, दिल्ली सहित हनुमानगढ़ जिले की विभिन्न तहसीलों से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा पर चर्चा की गई। भक्तों के ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए सहयोगी संस्थाओं के साथ मिलकर कार्य करने का निर्णय लिया गया। आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्यों ने अधिक से अधिक धर्मप्रेमी लोगों तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाने पर भी जोर दिया। समिति की ओर से समस्त धर्मप्रेमी सज्जनों और श्रद्धालुओं से धार्मिक आयोजन में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई। श्रद्धालुओं से श्रीराम कथा का श्रवण करने, श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ की परिक्रमा करने और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर पुण्य लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया गया।
आयोजनकर्ताओं और सहयोगी संस्थाओं का जताया आभार
इस अवसर पर सुंदरकांड मित्र मंडल समिति के मीडिया प्रभारी संजय पारीक ने श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ के आयोजनकर्ता श्री वैदिक कायाकल्प परिवार तथा श्रीराम कथा के आयोजनकर्ता सूरत निवासी मदन जी अग्रवाल का भव्य धार्मिक आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन में विशेष सहयोग देने वाली समिति की प्रमुख सहयोगी संस्था श्री महावीर दल, हनुमानगढ़ के योगदान की भी सराहना की। बैठक में सांवरमल शर्मा, दीपक पारीक, अरुण जांगिड़, दिनेश सुथार, मनीष अरोड़ा, चंचल पारीक, मोहित अरोड़ा, लाधुराम सुथार, सुरेश अग्रवाल, सूरजभान, आनंद सरावगी, बंटी गिलहोत्रा, सुरेश काठपाल, सौरभ पारीक, मानव सैन, हिमांशु अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
आयोजन स्थल: श्री सिद्धेश्वर धाम, आदर्श एनक्लेव, बैनीवाल हॉस्पिटल के सामने, बाइपास रोड, हनुमानगढ़ टाउन।
कलश यात्रा: 12 नवंबर 2026
श्रीराम कथा एवं महायज्ञ: 13 से 19 नवंबर 2026
दैनिक कार्यक्रम: सुबह 8 बजे यज्ञ एवं प्रार्थना, दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक श्रीराम कथा तथा शाम 6 बजे दिव्य गंगा आरती।
