
हनुमानगढ़। शहर के फिजिक्स वाला विद्यापीठ का इस वर्ष जेईई परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रहा। संस्थान के मेधावी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। मंगलवार को अव्वल रहे विद्यार्थियों के सम्मान में समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षा जगत से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसकेडी चेयरमैन दिनेश जुनेजा, चाणक्य क्लासेज निदेशक राज तिवाड़ी, हनुमानगढ़ इंटरनेशनल स्कूल प्रिंसिपल रेखा तनेजा तथा सेवानिवृत्त प्रिंसिपल दुर्गादत्त सैनी रहे। समारोह की अध्यक्षता संस्थान से भारतेंदु सैनी ने की।
समारोह में वंशूल अग्रवाल ने 98.84 परसेंटाइल, रंजना सिंगला ने 93.93 परसेंटाइल तथा युवराज सोनी ने 91.42 परसेंटाइल प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अतिथियों ने मेधावी विद्यार्थियों को साफा पहनाकर और प्रशस्ति-पत्र भेंट कर अभिनंदन किया।
मुख्य अतिथि राज तिवाड़ी ने अपने संबोधन में कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, निरंतर परिश्रम और सही मार्गदर्शन ही विद्यार्थियों को लक्ष्य तक पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि जेईई जैसी प्रतिस्पर्धी परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करना विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के समर्पण का प्रमाण है।
रेखा तनेजा ने विद्यार्थियों को अनुशासन और समय प्रबंधन को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध तैयारी करने से ही ऐसे परिणाम संभव होते हैं। उन्होंने अभिभावकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सकारात्मक वातावरण बच्चों की सफलता में सहायक होता है।
दुर्गादत्त सैनी ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में तकनीकी शिक्षा का महत्व बढ़ा है और ऐसे परिणाम जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगे।
अध्यक्षीय उद्बोधन में भारतेंदु सैनी ने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। इस मौके पर इश्फाक सर, अरविंद सर, नरेन्द्र सर,हरिओम सर, पवन सर, प्रिया मैम, संदीप मम, प्रिंस सर, सुनील सर , सुरेश सर ,किरण मैम मौजूद थे।
