
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ में जिले की आशा सहयोगिनियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इसके बाद राजस्थान आशा सहयोगिनी स्वास्थ्य संघ की ओर से मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदेशाध्यक्ष सीता स्वामी व जिलाध्यक्ष प्रर्मिला देवी के नेतृत्व में किये गये प्रदर्शन में बताया कि वे वर्षों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी रही हैं, लेकिन उन्हें अब तक स्थायित्व और सम्मानजनक वेतन नहीं मिल पाया है।
जिलाध्यक्ष प्रर्मिला देवी ने बताया कि वे राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम, टीकाकरण, सर्वेक्षण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं और आपदा के समय अग्रिम पंक्ति में काम करती हैं। इसके बावजूद उनका भुगतान प्रोत्साहन आधारित है, जो अनियमित रहता है।
आशा सहयोगिनियों ने मांग की है कि प्रोत्साहन व्यवस्था समाप्त कर न्यूनतम 18 हजार रुपए प्रतिमाह निश्चित वेतन लागू किया जाए और वार्षिक वेतन वृद्धि का प्रावधान हो। साथ ही, उन्होंने नियमितीकरण और राजस्थान संविदा नियम 2022 में शामिल किए जाने की भी मांग रखी।
उनकी मांग है कि उन्हें सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाए और संविदा कर्मियों के समान अधिकार मिलें। इसके अतिरिक्त, पीएफ, पेंशन, स्वास्थ्य बीमा जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ देने की भी मांग की गई। उन्होंने सेवानिवृत्ति पर 5 लाख रुपए की राशि और सेवा के दौरान मृत्यु होने पर आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देने की बात भी कही।
सहयोगिनियों ने एएनएम और सुपरवाइजर पदों पर भर्ती में वरीयता, अनुभव के आधार पर पदोन्नति और मानदेय का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई। उनका कहना है कि न्यूनतम सुविधाओं के अभाव में उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है।
इस मौके पर प्रदेशाध्यक्ष सीता स्वामी, जिलाध्यक्ष प्रर्मिला देवी, कोषाध्यक्ष सुन्दर धौलीपाल, सचिव कौशल्या, सुनीता वर्मा, गीता, गुरमीत कौर, शिमला, अनुराधा, कौशल्या मुंडा, कांता भादरा, संतोष भादरा, रेणु व अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
