
हनुमानगढ़। भारतीय किसान यूनियन (टिकैट) द्वारा संगठन को मजबूत करने और किसान हितों की आवाज को और प्रभावी ढंग से उठाने के उद्देश्य से हनुमानगढ़ जिले में जिला कमेटी का विस्तार किया गया है। यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैट के निर्देशानुसार तथा प्रदेशाध्यक्ष राजाराम मील की अनुशंसा पर यह नियुक्तियां की गई हैं।
जिला अध्यक्ष रेशम सिंह माणुका ने जानकारी देते हुए बताया कि संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और किसानों की समस्याओं को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए विभिन्न पदों पर नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इसके तहत विधानसभा क्षेत्र हनुमानगढ़ के अध्यक्ष पद पर संदीप सिंह कंग को नियुक्त किया गया है। वहीं भादरा ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में एडवोकेट अजीत सिंह जाखड़, नोहर ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में गजानंद स्वामी तथा रावतसर ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में रवि कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले गुरविंद्र सिंह चदड़ा, वीर सिंह चंदड़ा, संदीप सिंह गाहडू और दिनेश गोदारा लीलांवाली को भारतीय किसान यूनियन (टिकैट) जिला हनुमानगढ़ में सचिव पद पर नियुक्त किया गया है।
जिला अध्यक्ष रेशम सिंह माणुका ने बताया कि यह नियुक्तियां सभी साथियों की किसान हित में निरंतर सक्रियता और संघर्षों में उनकी भूमिका को देखते हुए की गई हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी साथियों ने समय-समय पर किसानों की समस्याओं को उठाने और उन्हें प्रशासन व सरकार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनियुक्त पदाधिकारी संगठन को और अधिक मजबूत करेंगे तथा किसानों के अधिकारों और समस्याओं को लेकर सक्रियता से कार्य करेंगे। साथ ही किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाने और जरूरत पड़ने पर आंदोलन की रणनीति भी तैयार की जाएगी।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान और आमजन से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा तथा किसानों की आवाज को मजबूती से सरकार और प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।
