
हनुमानगढ़। शहर के चौधरी डेंटल हॉस्पिटल एवं इम्प्लांट सेंटर द्वारा आम नागरिकों को सस्ती तथा आधुनिक दंत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “स्माइलोरा फैमिली डेंटल हेल्थ कार्ड” योजना की शुरुआत की गई। इस योजना का शुभारंभ क्षेत्र के विधायक श्री गणेश राज बंसल के करकमलों द्वारा किया गया। इनके साथ अग्रवाल समाज समिति अध्यक्ष सुभाष बंसल, नव दुर्गा मंदिर सेवा समिति अध्यक्ष प्यारेलाल बंसल, हेमंत गोयल, लायंस क्लब अध्यक्ष दिनेश गुप्ता, व्यापारी दिवेश नागपाल, तरसेम बिल्लू, गमदुर सिंह, पत्रकार संघ अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा बिटू, नरेश गुप्ता, डॉ सुनील बेनीवाल, किशोर बंसल शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में चिकित्सक, समाजसेवी और शहरवासी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक श्री गणेश राज बंसल ने अस्पताल में स्थापित सीबीसीटी स्कैन मशीन का भी उद्घाटन किया। अस्पताल के युवा दंत चिकित्सक एवं उद्यमी डॉक्टर अनमोल कसवां ने बताया कि यह हनुमानगढ़ शहर की पहली इन हाउस सीबीसीटी मशीन है। इसके माध्यम से अब मरीजों को दांतों और जबड़े की सटीक जांच के लिए दूसरे शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक तकनीक के माध्यम से जांच और उपचार संभव हो सकेगा।
डॉक्टर अनमोल कसवां ने बताया कि यह पहल स्माइलोरा डेंटल नेटवर्क कंपनी के अंतर्गत शुरू की गई है। इस नेटवर्क का उद्देश्य देशभर के भरोसेमंद दंत चिकित्सकों को एक मंच पर जोड़ना और मरीजों को किफायती तथा आधुनिक उपचार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में दंत चिकित्सा के कई उपचार महंगे होने के कारण आम लोग समय पर इलाज नहीं करा पाते, इसलिए इस योजना के माध्यम से उन्हें राहत देने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने बताया कि स्माइलोरा फैमिली डेंटल हेल्थ कार्ड पूरे परिवार को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसकी विशेषता यह है कि एक ही कार्ड का उपयोग परिवार का कोई भी सदस्य कर सकता है। इस कार्ड की वास्तविक कीमत दो हजार पांच सौ रुपये निर्धारित की गई है, लेकिन योजना के शुभारंभ अवसर पर विशेष प्रस्ताव के तहत इसे मात्र चार सौ निन्यानवे रुपये में उपलब्ध कराया जा रहा है।
डॉक्टर कसवां ने बताया कि इस कार्ड के माध्यम से मरीजों को विभिन्न दंत उपचारों पर कुल मिलाकर अट्ठाईस हजार दो सौ रुपये तक का लाभ प्राप्त होगा। इसके अंतर्गत दंत प्रत्यारोपण, दांतों को सीधा करने के लिए एलाइनर, दांतों की सफेदी, रूट कैनाल उपचार तथा आधुनिक दंत स्कैन जैसी सुविधाओं पर विशेष छूट प्रदान की जाएगी। इसके अलावा कार्ड धारकों को वर्ष में दो बार निशुल्क दंत परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि कई बार महंगे उपचार के कारण मरीज इलाज कराने से पीछे हट जाते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए कुछ उपचारों के लिए बिना ब्याज की मासिक किस्तों में भुगतान करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे मरीज बिना आर्थिक बोझ के इलाज करवा सकेंगे। यह सुविधा विशेष रूप से मध्यम और सामान्य वर्ग के लोगों के लिए उपयोगी साबित होगी।
हनुमानगढ़ शहर में इस कार्ड के माध्यम से अतिरिक्त स्वास्थ्य लाभ भी दिए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत कार्ड धारकों को एमडी फिजीशियन की परामर्श फीस पर पचास प्रतिशत की छूट तथा क्लीनिकल मनोवैज्ञानिक की परामर्श फीस पर भी पचास प्रतिशत की छूट का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री गणेश राज बंसल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की योजनाएं आम जनता को सस्ती और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना निश्चित रूप से शहर के लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाने का काम करेगी।
इस अवसर पर डॉक्टर रचना कसवां, डॉक्टर दीपक नंदा, डॉक्टर तरनजीत सिंह, डॉक्टर सुनील बेनीवाल, गाजी प्रधान और रमन बेनीवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अंत में डॉक्टर अनमोल कसवां ने बताया कि भविष्य में स्माइलोरा का उद्देश्य पूरे भारत में एक मजबूत दंत चिकित्सा नेटवर्क तैयार करना है, ताकि किसी भी शहर में मरीज स्माइलोरा से जुड़े भरोसेमंद चिकित्सकों के माध्यम से आसानी से उपचार प्राप्त कर सकें।
