
हनुमानगढ़। एक और तो कांग्रेस पार्टी किसानों की हितैषी होने का दम भरती है, वहीं दूसरी और कांग्रेस कार्यकर्ता किसानों को प्रताड़ित करने का काम कर रहे हैं। प्रशासन से लेकर न्यायालय तक के आदेशों को धत्ता बताते हुए कुछ कांग्रेसी किसानों की जीवन दायिनी सिंचाई की पाइप लाइनों को बार बार तोड़कर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ऐसे कांग्रेसी असामाजिक तत्वों के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी देहात मंडल हनुमानगढ़ के बैनर तले गुरुवार को टाउन में किसानों द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में मंडल अध्यक्ष जसपाल सिंह ने बताया कि उनके मंडल क्षेत्र में थेड़ी गंगानी से लेकर बहलोलनगर तक की ग्राम पंचायतों में किसानों ने कृषि उपयोग के लिए घग्घर नाली से रोही क्षेत्र की ओर पाइपलाइन डाल रखी है, जिससे खेतों में सिंचाई की जाती है।
जसपाल सिंह ने कहा कि पिछले लगभग आठ माह से करणीसर सहजीपुरा ग्राम के कुछ लोग किसानों को लगातार परेशान कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन और पुलिस द्वारा कोर्ट के आदेश के आधार पर कई बार पाइपलाइन को जोड़ दिया जाता है, लेकिन कुछ लोग बार-बार इन पाइपों को तोड़ देते हैं। इससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है और गेहूं की फसल पानी के अभाव में सूखने की कगार पर पहुंच गई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा देहात मंडल हनुमानगढ़ किसानों के साथ मजबूती से खड़ा है। भाजपा नेता अमित साहू के नेतृत्व में पार्टी हर किसान के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि किसानों की पाइपलाइन को तत्काल जुड़वाया जाए और जो लोग जानबूझकर पाइपलाइन तोड़कर किसानों को परेशान कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
जसपाल सिंह ने यह भी कहा कि कुछ दिन पहले कांग्रेस नेता संदीप दूधवाला का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने प्रशासन को पाइपलाइन जुड़वाने के दौरान चेतावनी देते हुए कहा था कि आप जितनी बार पाइपलाइन जोड़ोगे, हम उतनी बार उसे तोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि यह बयान कांग्रेस की किसानों और दलितों के प्रति मानसिकता को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में राजस्थान हाई कोर्ट के आदेश के बाद तहसीलदार हनुमानगढ़ ने किसानों की पाइपलाइन खेतों तक जुड़वाई थी। किसान अपने खर्चे पर यह पाइपलाइन डाल रहे हैं और इसके लिए सरकार को राजस्व प्रापत हो रहा है, इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्व किसानों को परेशान करने के उद्देश्य से बार-बार पाइपलाइन तोड़ रहे हैं।
भाजपा देहात मंडल अध्यक्ष जसपाल सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि जो लोग पाइपलाइन को नुकसान पहुंचा रहे हैं, उन्हें तुरंत हिरासत में लेकर उनके खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे लोगों पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो किसानों का भारी नुकसान हो सकता है।
जसपाल सिंह ने बताया कि भाजपा देहात मंडल 13 मार्च को मौके पर जाएगा। इस दौरान पाइपलाइन को फिर से जोड़ने की कार्रवाई करवाई जाएगी और पूरे घटनाक्रम की निगरानी के लिए कैमरे भी लगाए जाएंगे, ताकि अगर कोई दोबारा पाइपलाइन तोड़ने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ साक्ष्य के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि यदि इसके बाद भी पाइपलाइन को तोड़ा गया तो इस पूरे मामले को मुख्यमंत्री कार्यालय तक ले जाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी कीमत पर किसानों की गेहूं की फसल को बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा और किसानों के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा नेता अमित साहू और राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप भी इस पूरे मामले में किसानों के साथ खड़े हैं और किसानों को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
