
हनुमानगढ़ । घरेलू एलपीजी सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग में आ रही दिक्कतों से उपभोक्ता परेशान हैं। हालांकि जिले में अभी गैस की किल्लत कम है, लेकिन लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
ऑनलाइन बुकिंग न होने के कारण एलपीजी डीलर्स के कार्यालयों में उपभोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच बहस आम हो गई है। जिन लोगों के पास गैस कनेक्शन नहीं हैं, उन्हें ब्लैक में सिलेंडर 1700 रुपए तक में मिल रहे हैं। वहीं, व्यावसायिक उपयोग के लिए एलपीजी उपलब्ध नहीं है। पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य है, लेकिन रात के समय पेट्रोल पंपों पर सीएनजी के लिए लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। गुरुवार को जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव और पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने हनुमानगढ़ जंक्शन–सूरतगढ़ रोड स्थित गैस गोदामों और वितरण केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपभोक्ताओं से बातचीत कर गैस आपूर्ति की स्थिति का फीडबैक भी लिया।

कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव और पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने हनुमानगढ़ जंक्शन–सूरतगढ़ रोड स्थित गैस गोदामों का निरीक्षण किया।
कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने बताया कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। चिकित्सीय, शैक्षणिक और सरकारी संस्थानों में भी गैस की आपूर्ति बिना किसी बाधा के जारी है। ऑयल कंपनियों द्वारा 25 दिन के अंतराल में उपभोक्ताओं के घर तक सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध रीफिलिंग और घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इन गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए पुलिस, प्रवर्तन निरीक्षक और तहसीलदार की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं।
कलेक्टर ने यह भी बताया कि जिले में एलपीजी और सीएनजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। गैस वाहनों की सुगम आवाजाही के लिए प्रशासन और पुलिस के सहयोग से ग्रीन कॉरिडोर भी बनाए गए हैं।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर अनावश्यक गैस बुकिंग या भंडारण न करें। यदि कहीं गैस की कालाबाजारी या कोई अवैध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो उपभोक्ता तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।
