
हनुमानगढ़। शहर में आपसी प्रेम, सौहार्द और हिन्दू-मुस्लिम भाईचारे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रोजा इफ्तार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष तरूण विजय, पूर्व उपसभापति नगीना बाई और पार्षद गुरदीप बराड़ बब्बी के संयुक्त तत्वावधान में लोकों कॉलोनी स्थित मदीना जामा मस्जिद में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुस्लिम समाज के रोजेदारों के साथ अन्य समुदायों के लोगों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया। इफ्तार के समय सभी ने मिलकर रोजा खोला और देश में अमन-चौन, आपसी भाईचारे और तरक्की के लिए दुआ की। कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न समुदायों के बीच आपसी सद्भाव को मजबूत करना और समाज में एकता का संदेश देना था।
इस अवसर पर आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ हमेशा से ही गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे की मिसाल रहा है, और इसी परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन समय-समय पर किए जाते रहने चाहिए।
कार्यक्रम में शहर के कई गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को रमजान के पवित्र महीने की मुबारकबाद दी और समाज में शांति व सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।
इस मौके पर फिरोज कुरैशी (फौजी), आमिर खान, असलम मैनुद्दीन, अजहरुद्दीन, अनीश, नंदकिशोर युसूफ खान, शाहरुख कुरेशी राजेश भारतीय , इमामुल हुसैन मौजूद थे।
