
हनुमानगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के नेतृत्व में रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में सामाजिक न्याय के प्रतीक मान्यवर साहेब कांशीराम की 92वीं जयंती समारोह को सामाजिक परिवर्तन दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लेकर कांशीराम के सामाजिक न्याय और समानता के विचारों को याद किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एससी प्रकोष्ठ की जिला प्रभारी डॉ. प्रीति मेघवाल और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनीष मक्कासर थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष सीताराम कड़वा ने की। कार्यक्रम की शुरुआत मान्यवर कांशीराम के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और उनके जीवन संघर्षों को याद करते हुए की गई।
मुख्य अतिथि डॉ. प्रीति मेघवाल ने अपने संबोधन में कहा कि मान्यवर कांशीराम ने अपने पूरे जीवन को समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित किया। उन्होंने दलित, पिछड़े और कमजोर वर्गों को संगठित कर सामाजिक न्याय की मजबूत आवाज उठाई। कांशीराम के विचार आज भी समाज में समानता और न्याय की दिशा में प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन तभी संभव है जब समाज के सभी वर्गों को समान अवसर और सम्मान मिले।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि मान्यवर कांशीराम का जीवन संघर्ष, संगठन और सामाजिक चेतना का उदाहरण है। उन्होंने बहुजन समाज को राजनीतिक और सामाजिक रूप से जागरूक करने का ऐतिहासिक कार्य किया। मक्कासर ने कहा कि आज के समय में उनके विचारों को आत्मसात कर समाज में भाईचारा, समानता और सामाजिक न्याय को मजबूत करने की आवश्यकता है। कांग्रेस पार्टी हमेशा से ही सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की पक्षधर रही है और इसी दिशा में कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष सीताराम कड़वा ने कहा कि कांशीराम ने समाज के कमजोर वर्गों को अधिकारों के प्रति जागरूक कर उन्हें मुख्यधारा में लाने का काम किया। उन्होंने कहा कि हमें उनके बताए रास्ते पर चलकर सामाजिक समानता और न्याय के लिए निरंतर संघर्ष करना चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने भी कांशीराम के जीवन और उनके सामाजिक आंदोलनों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं। वक्ताओं ने युवाओं से आह्वान किया कि वे सामाजिक बदलाव और जागरूकता के लिए आगे आएं तथा समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करें।
इस अवसर पर प्रेमराज नायक, शाहरूख रोड़ावाली, आमिर खान, गंगाराम खटीक, राकेश चांवरिया, श्रीराम बारूपाल, गोविन्द रेगर, रामकुमार कड़वा, राजेन्द्र मेघवाल, धर्मवीर, प्रेम कुमार, रामस्वरूप चिड़ालिया, दीपक मेघवाल, महेन्द्र जाकटिया, प्रहलाद चनाण, सुरेन्द्र खटीक, रोहित जावा, सुरेन्द्र मारवाल, कालूराम गोदारा, हुणताराम मेघवाल, इंमीचंद मेघवाल, पृथ्वीराज मेघवाल, धर्मवीर, नरेन्द्र वर्मा, विक्रम सिंह, पाल सिंह, मुदरार खान, हीरा सिंह, चन्द्रपाल, संदीप खिलेरी, मोहनलाल, नानक सिंह, राकेश सोनी, शकूर खान, राजेन्द्र सोनी, रामनिवास किरोड़ीवाल, रेशम बराड़, जयराम ढूकिया, सोहनलाल लदोईया, राकेश चांवरिया, दीपक मेघवाल, गुरलाल मान, जयपाल गिरी, करणी सिंह राठौड़, रामसिंह मेघवाल सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने कांशीराम के विचारों को आगे बढ़ाने और सामाजिक न्याय के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
