
हनुमानगढ़। नगरपरिषद द्वारा सोमवार को शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। भगत सिंह चौक से बस स्टैंड की ओर जाने वाले मार्ग पर दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। यह कार्रवाई माननीय न्यायालय स्थाई लोक अदालत, हनुमानगढ़ में विचाराधीन प्रकरण संख्या 4/2022 राजेन्द्र कुमार बनाम नगरपरिषद हनुमानगढ़ के तहत जारी निर्देशों की अनुपालना में की गई।
नगरपरिषद के अनुसार स्थाई लोक अदालत के पत्र क्रमांक 208-209 दिनांक 7 नवंबर 2024 तथा जिला कलेक्टर द्वारा राजकाज रेफरेंस संख्या 11653514 दिनांक 7 नवंबर 2024 के तहत सार्वजनिक मार्गों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत सोमवार को शाम करीब 3 बजे से अभियान चलाकर बाजार क्षेत्र में सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।
अभियान के लिए नगरपरिषद द्वारा विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम के प्रभारी राजस्व अधिकारी दलीप कुमार को बनाया गया था। उनके नेतृत्व में नगरपरिषद की टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकानों के बाहर सड़क पर रखे सामान, अस्थायी ढांचे और अन्य अवरोधों को हटवाया, जिससे सड़क को खाली करवाया जा सके।
कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता वेद प्रकाश सहारण को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके अलावा सहायक नगर नियोजक निखिल नेहरा, राजस्व निरीक्षक गंगाराम, कनिष्ठ अभियंता प्रेम दास नायक, धीरज कुमार, आनंद कुमार, कमल कुमार, अनिल कुमार वरिष्ठ लिपिक, रमनदीप, नरेश मेट सहित अन्य कर्मचारी दल के सदस्य के रूप में मौजूद रहे। टीम ने संयुक्त रूप से पूरे क्षेत्र में निरीक्षण करते हुए सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण को हटवाया।
नगरपरिषद अधिकारियों ने बताया कि मुख्य बाजार में कई दुकानदारों द्वारा सड़क पर सामान रखकर तथा अस्थायी ढांचे बनाकर मार्ग को संकरा कर दिया गया था, जिससे आमजन और वाहनों की आवाजाही में परेशानी हो रही थी। शिकायतों के मद्देनजर और न्यायालय के निर्देशों की पालना में यह कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान नगरपरिषद कर्मचारियों ने दुकानदारों को भविष्य में सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी भी दी। अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगरपरिषद की इस कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में सड़क मार्ग काफी हद तक साफ नजर आया और यातायात व्यवस्था में भी सुधार देखा गया। अधिकारियों ने बताया कि शहर के अन्य क्षेत्रों में भी जरूरत पड़ने पर इसी तरह अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
