
हनुमानगढ़ । टाउन के सूर्य नगर क्षेत्र स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नंबर 3 में आज एक प्रेरणादायी सामाजिक कार्य देखने को मिला। सूर्य नगर क्षेत्र की सामाजिक संस्था सूर्य नगर मित्र मंडली द्वारा विद्यालय के बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 15 मेज–डेस्क को मॉडिफाई करवा कर विद्यालय को भेंट किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक सादे लेकिन गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्था प्रधान बेगा राम गूडेसर ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय में लंबे समय से बच्चों के बैठने की उचित व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी आवश्यकता को समझते हुए सूर्य नगर मित्र मंडली ने सहयोग का हाथ बढ़ाया और पुराने मेज–डेस्क को मरम्मत व मॉडिफिकेशन करवा कर उपयोगी स्वरूप में विद्यालय को सौंपा। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान अधिक सुविधा और आराम मिलेगा। इस मौके पर मित्र मंडली के सदस्य जगदीश प्रसाद शर्मा, लालचंद तरड़, राजाराम पूनिया, विक्रम गोदारा, सुभाष चौहान, संदीप बेनीवाल सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने बच्चों से संवाद किया और शिक्षा के महत्व पर भी अपने विचार साझा किए। मित्र मंडली के सदस्यों ने संस्था प्रधान को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी वे विद्यालय और विद्यार्थियों के हित में हर संभव सहयोग करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किया गया सहयोग समाज के उज्ज्वल भविष्य की नींव होता है।
इस अवसर पर संस्था प्रधान एवं विद्यालय परिवार ने सूर्य नगर मित्र मंडली के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामाजिक सहयोग से न केवल संसाधनों में वृद्धि होती है, बल्कि समाज और विद्यालय के बीच मजबूत संबंध भी स्थापित होते हैं। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।
