
हनुमानगढ़। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़ देहात के बैनर तले अध्यक्ष संदीप सिधू के नेतृत्व में उपखण्ड अधिकारी को विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में रसोई गैस की बढ़ती कीमतों, कमर्शियल सिलेंडर की कमी, कृषि अनुदान में देरी, फसल बीमा में अनियमितताओं सहित कई गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
ज्ञापन में अध्यक्ष संदीप सिधू ने बताया गया कि रसोई गैस के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से गरीब, मध्यम वर्ग एवं मजदूर परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह प्रभावित हो गया है। कई परिवारों को मजबूर होकर पारंपरिक ईंधनों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे स्वास्थ्य एवं पर्यावरण पर भी विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने गैस कीमतों पर नियंत्रण एवं जरूरतमंद परिवारों को प्रभावी सब्सिडी देने की मांग की।
इसके साथ ही क्षेत्र में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की भारी कमी का मुद्दा भी उठाया गया। ज्ञापन में कहा गया कि विवाह, धार्मिक व सामाजिक आयोजनों के दौरान समय पर सिलेंडर नहीं मिलने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली की जांच कर कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग की गई।
कृषि क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं पर भी ध्यान आकर्षित करते हुए बताया गया कि ड्रिप, स्प्रिंकलर एवं कृषि यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान का भुगतान पिछले 6 से 8 माह से लंबित है, जिससे किसान आर्थिक संकट में हैं। फसल बीमा योजना में पारदर्शिता की कमी को लेकर भी रोष व्यक्त किया गया। किसानों का आरोप है कि वास्तविक नुकसान के बावजूद उन्हें उचित क्लेम नहीं मिल पा रहा है।
ज्ञापन में किसान क्रेडिट कार्ड की ऋण सीमा 5 लाख रुपये तक लागू नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया। बैंकों द्वारा केंद्र सरकार की घोषणा के बावजूद किसानों को इसका लाभ नहीं दिए जाने पर नाराजगी जताई गई। किसानों की बिगड़ती आर्थिक स्थिति को देखते हुए विशेष राहत पैकेज लागू करने की मांग की गई।
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आमजन के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से जनहित में त्वरित कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर पूर्व जिला प्रमुख कविता मेघवाल ,ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सिधू ,संगठन महामंत्री गुरमीत चन्दङा, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष भानी बगड़िया, राजू बराङ, भूप पचार, रोहिताश जयानी व अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
