
हनुमानगढ़। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं कक्षा की परीक्षा में नोहर के टेस्ला पब्लिक सीनियर सेकंडरी की स्टूडेंट पल्लवी ने 99.17 प्रतिशत अंक हासिल किए। पल्लवी के पिता सुरेश कुमार स्कूल में ही बस ड्राइवर हैं। स्कूल के निदेशक कुलदीप गौड़ ने बताया कि बच्ची ने जिले में टॉप किया है। खास बात यह है कि पल्लवी के पिता सुरेश कुमार टेस्ला स्कूल में बस ड्राइवर हैं, जबकि माता सरोज गृहणी है।
IAS बनना चाहती है पल्लवी पल्लवी ने बातचीत में बताया कि वह यूपीएससी पास कर IAS बनना चाहती हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिजनों व स्कूल के टीचर्स को दिया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए निरंतर मेहनत जरूरी है। इसी स्कूल के स्टूडेंट दुष्यंत ने 98.83 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
पिछले साल के मुकाबले कम रहा रिजल्ट पीलीबंगा के प्रकाश मॉडल सीनियर सैकंडरी स्कूल की तरुषी शर्मा ने 98.67 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। रिजल्ट आने के बाद स्कूलों में जश्न का माहौल रहा। इस बार जिले का इस बार रिजल्ट 94.06 प्रतिशत रहा, जो पिछले साल के मुकाबले थोड़ा कम है। इस बार भी बेटियों ने बाजी मारी है। छात्राओं का पास प्रतिशत 95.20 रहा, जबकि छात्रों का परिणाम 92.97 प्रतिशत दर्ज किया गया।
