
हनुमानगढ़। टाउन मंडी में आज गेहूं खरीद सीजन का शुभारंभ उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ किया गया। इस अवसर पर किसानों, व्यापारियों और मजदूरों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई तथा विधिवत तोल कार्य शुरू किया गया। लंबे इंतजार के बाद खरीद प्रक्रिया शुरू होने से मंडी परिसर में रौनक लौट आई और सभी वर्गों में उत्साह देखने को मिला।
इससे पहले मंडी परिसर में मजदूरों और भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों की लगभग एक घंटे तक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडी से जुड़े विभिन्न अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से हाल के दिनों में कुछ लोगों द्वारा किसानों और मजदूरों के बीच फैलाई गई भ्रांतियों को लेकर खुलकर विचार-विमर्श हुआ। उपस्थित सदस्यों ने स्पष्ट किया कि आपसी संवाद और समझदारी से सभी गलतफहमियों को दूर कर लिया गया है।
बैठक के दौरान किसानों और मजदूरों के बीच आपसी विश्वास और सहयोग को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। सभी ने एकमत होकर निर्णय लिया कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति या समूह मंडी के माहौल को खराब करने या किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी फैलाने की कोशिश करेगा, तो उसे सफल नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही यह भी तय किया गया कि मंडी के समग्र विकास और मजबूती के लिए सभी वर्ग मिलकर काम करेंगे।
बैठक में यह भी सहमति बनी कि मंडी के हित में काम करने वाले व्यापारियों को भी साथ लेकर चलना आवश्यक है, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस एकजुटता से आने वाले समय में मंडी के बेहतर संचालन की उम्मीद जताई गई।
इस अवसर पर रेशम सिंह माणुका, मंडी सचिव सीएल वर्मा, काका सिंह रोडिकपुरा, रायसाहब चाहर, रविंद्र सिंह, बलविंदर सिंह, संदीप सिंह कंग, भाखड़ा चेयरमैन मनप्रीत सिंह, लखवीर सिंह, बलदेव सिंह, गुरप्यार सिंह, गुरपाल सिंह, सुलदीप सिंह, जसकरण सिंह, जसवीर सिंह, उत्तम सिंह सहित अनेक किसान, मजदूर और व्यापारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एकजुटता बनाए रखने और मंडी को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

