
हनुमानगढ़। टाउन नगर परिषद के अग्नि शमन केंद्र में आज अग्निशमन दिवस पूरे सम्मान और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें अग्निशमन अधिकारी मोहम्मद यूनुस, सहायक प्रशासनिक अधिकारी कमलकांत पारीक तथा अग्निशमन प्रभारी राजेश पारीक ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर अग्नि से शहीद हुए वीर अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को सलामी दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अग्निशमन अधिकारी मोहम्मद यूनुस ने अग्निशमन दिवस के इतिहास और महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल 1944 को विक्टोरिया डॉक पर खड़े कनाडा के एक जहाज में भीषण आग लग गई थी। इस अग्निकांड में आग बुझाते समय 66 अग्निशमन कर्मी वीरगति को प्राप्त हुए थे। उन्हीं की स्मृति में प्रतिवर्ष 14 अप्रैल को देशभर में अग्निशमन दिवस मनाया जाता है।
कार्यक्रम में उपस्थित अग्निशमन कर्मचारियों कुलदीप यादव, फायरमैन रविंद्र सिंह, मोहन सिंह, संदीप कस्वा, हेमंत पारीक, संदीप सिलू, संजय कुमार, प्रीतम सिंह, अंजू कस्वा, शर्मिला, हेमंत शर्मा, रवि कुमार, शिव प्रकाश, विक्रम, निखिल, विक्रम भाटी, साहिल, यूनुस कुरैशी, गुरशरण सिंह एवं विनोद कुमार ने भी शहीदों को नमन किया, अधिकारियों ने कहा कि अग्निशमन कर्मी हर आपदा में अपनी जान जोखिम में डालकर नागरिकों की सुरक्षा करते हैं। अग्निशमन दिवस हमें उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को याद करने के साथ-साथ अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक होने का संदेश देता है। कार्यक्रम का समापन अग्नि सुरक्षा के संकल्प के साथ किया गया।

