
हनुमानगढ़ । पुलिस ने जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। तलवाड़ा थाना पुलिस ने 744 ग्राम अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चित्तौड़गढ़ जिले के संग्रामपुरा, बस्सी निवासी अशोक मेवाड़ा (27) के रूप में हुई है।
पुलिस को क्षेत्र में अफीम तस्कर की गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके बाद गश्त तेज की गई। गश्त के दौरान रोही चाहूवाली से आरोपी अशोक मेवाड़ा को पकड़ा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से बरामद अफीम जब्त कर ली है।
इस संबंध में तलवाड़ा पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच टिब्बी थानाधिकारी हंसराज लूणा कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई में साक्ष्य संकलन और गोपनीय सूचना जुटाने में जिला विशेष टीम (डीएसटी) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से आरोपी को समय रहते पकड़ा जा सका।
कार्रवाई करने वाली टीम में तलवाड़ा थाना प्रभारी जगदीश सिंह, एएसआई अजीत सिंह, हेड कांस्टेबल महादेव, कांस्टेबल सतीश कुमार और कांस्टेबल जगदीश सिंह शामिल थे।

