
हनुमानगढ़। शहर में बढ़ते आवारा और हिंसक कुत्तों के आतंक को लेकर राष्ट्रीय युवक परिषद ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने बताया कि शहर के कई क्षेत्रों में कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे आमजन में भय का माहौल है।
ज्ञापन में बताया गया कि सूरतगढ़ रोड स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास की गलियों, नगीना मार्ग गांधी नगर क्षेत्र, चुना फाटक व क्राउन सिटी कॉलोनी के आसपास, झूलेलाल मंदिर के निकट, हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में पार्क के पास, सुरेशिया क्षेत्र तथा सेक्टर नंबर 6 सहित कई इलाकों में हिंसक कुत्तों का जमावड़ा है। ये कुत्ते राहगीरों और वाहनों के पीछे दौड़ते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
परिषद के अनुसार हाल ही में 5 फरवरी 2026 की रात सूरतगढ़ रोड पर एक राहगीर और उसके बच्चे पर कुत्तों ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इसके अलावा परिषद के संयुक्त सचिव रोहित शर्मा के भतीजे अभिजीत शर्मा को भी सुबह टहलते समय कुत्तों ने काट लिया। ऐसे लगातार हो रहे हमलों से शहरवासियों में दहशत का माहौल है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में अतिरिक्त जिला कलेक्टर को भी अवगत करवाया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। परिषद ने आरोप लगाया कि प्रशासन की अनदेखी के कारण स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है।
राष्ट्रीय युवक परिषद ने जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने, उनका उपचार और नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नगर परिषद के माध्यम से स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
परिषद ने जिला कलेक्टर से सकारात्मक पहल की उम्मीद जताते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आमजन की सुरक्षा पर बड़ा खतरा उत्पन्न हो सकता है। इस मौके पर प्रवीण जैन, दुर्गा प्रसाद शर्मा, रामलाल कांवलिया, दयाल सिंह, रमेश शर्मा, देवेन्द्र, विपिन शर्मा व अन्य सदस्य मौजूद थे।

