
हनुमानगढ़। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग की त्रैमासिक बैठक शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में जिलाध्यक्ष सीताराम कड़वा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने और आगामी रणनीति तय करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के मुख्य अतिथि बीकानेर संभाग प्रभारी एवं अनूपगढ़ विधायक शिमला नायक, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर तथा जिला प्रमुख कविता मेघवाल रहे। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया गया।
बैठक के दौरान संगठन के विस्तार और जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने को लेकर कार्यकर्ताओं से सुझाव आमंत्रित किए गए। कई कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और संगठनात्मक चुनौतियों को सामने रखते हुए समाधान भी सुझाए। चर्चा में यह बात प्रमुखता से उभरकर सामने आई कि यदि पार्टी को आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करना है तो बूथ और ब्लॉक स्तर पर संगठन को सशक्त बनाना अत्यंत आवश्यक है।
मुख्य अतिथि शिमला नायक ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से सामाजिक न्याय और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने अनुसूचित जाति विभाग के कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों को आमजन तक पहुंचाएं और समाज के वंचित वर्गों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से उठाएं। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की असली ताकत होती है।
डीसीसी जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विभाग को और अधिक सक्रिय बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी बैठक से पहले सभी ब्लॉकों में कार्यकारिणी का गठन सुनिश्चित किया जाए, ताकि संगठनात्मक ढांचे को मजबूती मिल सके। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और अनुशासन बनाए रखने पर भी जोर दिया।
जिलाध्यक्ष सीताराम कड़वा ने कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने भरोसा जताया कि एससी विभाग आने वाले समय में पार्टी के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और संगठन को नई दिशा देगा।
बैठक के अंत में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें एससी विभाग जिलाध्यक्ष सीताराम कड़वा, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर एवं अन्य अतिथियों ने मुख्य अतिथि शिमला नायक का चुनरी ओढ़ाकर अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुलोचना बावरी, ब्लॉक अध्यक्ष सुरेन्द्र खटीक, जिला मीडिया प्रभारी जयराम ढुकिया, प्रदेश सचिव महिला कृतिका चौधरी, पूर्व चैयरमैन गंगाराम खटीक, जिला प्रवक्ता जगदीप रंगारा, पूर्व चैयरमैन रामेश्वर चांवरिया, राकेश सोलंकी, विजय शर्मा, रामचन्द्र, सेवक सिंह, नाजर सिंह, चन्द सिंह, राज सिंह, सोदगर सिंह, अजमेर सिंह, रेशम सिंह, राजू सिंह, जेला सिंह, मंगत सिंह, हीरा सिंह, महेन्द्र कुमार, शकुर खान, विनोद मेघवाल, मोहनलाल इंदलिया, प्रेमराज नायक, रमेश नायक, नानक टांटिया, शाहरूख कुरैशी, आरिफ खान, महेन्द्र कुमार, शोयब, आमिर खान, रणवीर लोहरा, ध्रुव महावर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और पार्टी से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे।

