
हनुमानगढ़। शहर के विकास को नई गति देते हुए न्यू बाईपास सड़क निर्माण कार्य का लोकार्पण समारोह आज उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हनुमानगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक गणेशराज बंसल उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सभापति सुमित रिणवा ने की। समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, वार्डवासियों और बड़ी संख्या में आमजन की उपस्थिति ने आयोजन को खास बना दिया।
इस जनहितकारी परियोजना के अंतर्गत कोहला नहर बाईपास रोड का विकास किया गया है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पानी के खाले में सीसी पाइप लाइन डाली गई और उसके ऊपर इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण किया गया। इस निर्माण से न केवल आवागमन सुगम हुआ है, बल्कि क्षेत्र के लोगों को लगभग 1 किलोमीटर तक की दूरी में भी राहत मिली है।
वक्ताओं ने बताया कि खाले के पानी के कारण क्षतिग्रस्त होने की आशंका में खड़े करीब 50 मकानों को भी इस परियोजना से सुरक्षा मिली है। करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से तैयार इस बाईपास सड़क ने स्थानीय लोगों को बड़ी राहत प्रदान की है और क्षेत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई है।
वार्ड पार्षद प्रमोद कुमार सोनी ने अपने संबोधन में विधायक गणेशराज बंसल का आभार जताते हुए कहा कि उनके सहयोग और मार्गदर्शन से वार्ड में लगभग सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि विधायक ने हर परिस्थिति में उनका साथ दिया और क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाई। पार्षद ने यह भी कहा कि जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए उन्होंने निरंतर विकास कार्य करवाए हैं।
कार्यक्रम के दौरान पार्षद प्रमोद सोनी ने गुरुनानक नगर कॉलोनी में नाली निर्माण तथा श्री गणेश विहार कॉलोनी में पेयजल पाइपलाइन की मांग रखी, जिस पर विधायक ने सकारात्मक आश्वासन दिया।
समारोह के अंत में सभी अतिथियों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया।इस मौके पर निवर्तमान पार्षद लीलाधर पारीक जी, महादेव भार्गव जी, सुनील अमलानी जी, मुकेश भार्गव जी, भंवर नायक जी, उपप्रधान पंचायत समिति कालू गोदारा जी, गौशाला प्रधान मनोहर बंसल जी , सोहन वर्मा ,सरपंच संदीप सिदू जी, सुनील सिवर जी, विजय स्वामी ,महेश सोनी, जैकी सोनी , गुरदीप सोनी, मुकेश सैन ,संतलाल साहू, राजू धूपड़, रामस्वरूप सोनी, रामस्वरूप वर्मा , आर्य समाज अध्यक्ष वीरेंद्र सोनी, आदि मौजूद थे

