
हनुमानगढ़। शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति की दिशा में अग्रसर हनुमानगढ़ शहर में रविवार को अग्रसेन भवन में फिजिक्सवाला संस्थान द्वारा एक भव्य आभार एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह विशेष रूप से कक्षा 10वीं एवं 12वीं के उन मेधावी विद्यार्थियों को समर्पित रहा, जिन्होंने 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय दिया। कार्यक्रम में इन विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह, मेडल तथा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि सरदार गुरदयाल सिंह रहे, जबकि अध्यक्षता श्री गोबिन्द सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं फिजिक्सवाला संस्थान के निदेशक बाबूलाल जुनेजा ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में व्यापार मंडल शिक्षा समिति के अध्यक्ष बालकृष्ण गोल्याण, निजी शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष सुरेश शर्मा, मदान स्कूल के प्रतिनिधि सुनील मदान, समाजसेवी मोहित बलाडिया, बलराम लिम्बा, अशोक सुथार, रामनिवास मांडण, विजय वर्मा, नव ज्योति मुख-बधिर संस्था के संस्थापक भीष्म कौशिक, हनुमानगढ़ इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्या डॉ. रेखा तनेजा, नव ज्योति शिक्षण संस्थान की निदेशक डॉ. पायल गुम्बर, लिटिल हार्ट स्कूल के संचालक विकास गोयल सहित अनेक गणमान्य व्यक्तित्व उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात हनुमानगढ़ इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने माँ सरस्वती वंदना की मनोहारी नृत्य प्रस्तुति देकर वातावरण को आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायक बना दिया।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि हनुमानगढ़ का शैक्षणिक परिणाम पूर्व में सीकर जैसे शहरों की तुलना में कमजोर रहा है, किंतु अब यहाँ के शिक्षण संस्थानों के सामूहिक प्रयासों से स्थिति में निरंतर सुधार हो रहा है। उन्होंने बताया कि फिजिक्सवाला जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के माध्यम से अब हनुमानगढ़ में ही उच्चस्तरीय शिक्षा उपलब्ध करवाई जा रही है, जिससे विद्यार्थियों को कोटा या सीकर जैसे शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी। उन्होंने युवाओं को जंक फूड एवं फास्ट फूड से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि स्वस्थ युवा ही राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।
मुख्य अतिथि सरदार गुरदयाल सिंह ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण का महत्व बताते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
फिजिक्सवाला संस्थान के प्रतिनिधि नवीन उपाध्याय ने कहा कि संस्थान को अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का अपेक्षा से अधिक सहयोग प्राप्त हो रहा है। उन्होंने फिजिक्सवाला की यात्रा को ‘फर्श से अर्श’ तक का सफर बताते हुए कहा कि यह देश के सबसे विश्वसनीय शैक्षणिक संस्थानों में से एक है, जहाँ जेईई, नीट एवं आईआईटी फाउंडेशन कोर्स अनुभवी शिक्षकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण ढंग से संचालित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि संस्थान के चार करोड़ से अधिक पंजीकृत विद्यार्थी इसकी सफलता का प्रमाण हैं।
संस्थान के प्रतिनिधि विकास एवं अरविन्द ने बताया कि पूर्व में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु विद्यार्थियों को कोटा एवं सीकर जाना पड़ता था, किंतु अब एसकेडी यूनिवर्सिटी एवं श्री गुरुगोबिन्द सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से यह सुविधा हनुमानगढ़ में ही उपलब्ध होगी। इससे अभिभावकों को भी राहत मिलेगी और विद्यार्थियों को अपने शहर में ही श्रेष्ठ मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
व्यापार मंडल शिक्षा समिति के अध्यक्ष बालकृष्ण गोल्याण ने कहा कि छोटे शहरों में इस प्रकार की उत्कृष्ट शैक्षणिक सुविधाओं का उपलब्ध होना अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने जुनेजा परिवार के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिसके बल पर वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा की जा सकती है।
समाजसेवी भीष्म कौशिक ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि विद्यार्थी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर निरंतर प्रयास करें, तो सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होती है। उन्होंने हनुमानगढ़ जैसे शहर में विश्वविद्यालय स्तर की सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए बाबूलाल जुनेजा के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में हनुमानगढ़ इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक एवं फिजिक्सवाला संस्थान की ओर से भारतेन्दु सैनी ने उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

