
हनुमानगढ़। महावीर इंटरनेशनल वीरा ग्रुप सहित अन्य समाजिक संस्थाओं द्वारा समाज सेवा की मिसाल पेश करते हुए जरूरतमंद बच्चों के सहयोग हेतु टाउन चिल्ड्रन स्कूल में एक सराहनीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नन्हे पंछी फाउंडेशन के समन्वय से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को पाठ्य सामग्री, स्कूल ड्रेस, स्कूल बैग सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्ष कंचन गुप्ता ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज के उन बच्चों तक मदद पहुंचाना है, जो संसाधनों की कमी के कारण अपनी शिक्षा पूरी करने में कठिनाइयों का सामना करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है और ऐसे प्रयासों से बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने यह भी बताया कि संस्था समय-समय पर इस प्रकार के सेवा कार्य करती रहती है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों को लाभ मिल सके।
इनरव्हील क्लब की सदस्य सीमा गर्ग ने बच्चों को पढ़ाई के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें नियमित विद्यालय आने और मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था, जब उन्हें नई किताबें, यूनिफॉर्म और बैग प्राप्त हुए। अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए संस्था का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में नन्हे पंछी फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने भी सहयोग के लिए महावीर इंटरनेशनल वीरा ग्रुप का धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि इस प्रकार के संयुक्त प्रयासों से समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है। इस मौके पर कंचन, साक्षी, पूजा, विनिता, अविशी, देविका, सीमा गर्ग, परीक्षा, डॉ. नवनिधि जग्गा, मंजू दत्ता, व अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

