
हनुमानगढ़ । राष्ट्रीय युवक परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय युवक परिषद की कार्यकारिणी का विस्तार करना तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाना रहा। बैठक में परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संगठन की गतिविधियों, नियमों और भावी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान राष्ट्रीय युवक परिषद के महासचिव वीरेंद्र जैन ने साहिल गर्ग को संगठन सचिव बनाए जाने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव पर उपस्थित सभी सदस्यों ने एकमत होकर सहमति जताई और साहिल गर्ग को राष्ट्रीय युवक परिषद का संगठन सचिव घोषित किया गया। घोषणा के पश्चात उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने साहिल गर्ग का माला पहनाकर एवं मुंह मीठा कराकर स्वागत किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने बताया कि साहिल गर्ग राष्ट्रीय युवक परिषद के नियमों और संस्कारों से अत्यंत प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि परिषद के मुख्य नियमों में सुबह उठकर माता-पिता एवं बड़े-बुजुर्गों को चरण स्पर्श करना तथा घर से निकलते समय गोमाता को दो रोटी खिलाना शामिल है, जिसे परिषद का प्रत्येक सदस्य पूरी निष्ठा से पालन करता है। इन्हीं संस्कारों से प्रभावित होकर साहिल गर्ग ने परिषद की सदस्यता ग्रहण की और आज उन्हें संगठन सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रवीण जैन ने आगे बताया कि साहिल गर्ग गौसेवक होने के साथ-साथ वृक्ष मित्र, समाजसेवी एवं आमजन की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने वाले युवा व्यक्तित्व हैं। उनके संगठन में आने से राष्ट्रीय युवक परिषद को नई ऊर्जा और गति मिलेगी।
बैठक में कोडाराम, रामलाल कांवलिया, दिनेश शर्मा, निहाल सिंह, गिरिराज शर्मा, शंकर सैनी, सचिन त्यागी, सचिन वॉट्स, रामगोपाल सेन, किशोरी लाल, राकेश त्यागी, कीर्ति सेठी एवं भजन लाल वर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

