
हनुमानगढ़ ।टाउन के निकट स्थित गांव कोहला में स्थित महात्मा गांधी राजकीय सीनियर उच्च माध्यमिक विद्यालय, कोहला में विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक वाटरकूलर भेंट किया गया। यह भेंट स्वर्गीय मनोहरी देवी धर्मपत्नी स्वर्गीय श्री नारायण चंद गर्ग की पावन स्मृति में उनकी पुत्रवधु सरला गर्ग धर्मपत्नी मुरलीधर गर्ग की ओर से प्रदान की गई। विद्यालय परिसर में आयोजित सादे एवं गरिमामय कार्यक्रम में सर्वप्रथम विधिवत पूजन कराया गया। पूजन कार्य पंडित राजेंद्र प्रसाद शर्मा द्वारा संपन्न कराया गया, जिसमें विद्यालय स्टाफ, परिवारजन तथा ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने स्वर्गीय मनोहरी देवी के सामाजिक सरोकारों और सेवा भाव को स्मरण करते हुए कहा कि इस प्रकार की जनकल्याणकारी पहल समाज के लिए प्रेरणास्रोत होती है। वाटरकूलर भेंट किए जाने से विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध होगा, जिससे विशेषकर गर्मी के मौसम में विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। विद्यालय प्रशासन ने इस सहयोग के लिए गर्ग परिवार का आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे योगदान से शैक्षणिक वातावरण और अधिक सुदृढ़ होता है। इस अवसर पर स्टाफ सदस्य दिनेश कुमार बिश्नोई, नायब सिंह, मुनेश कुमार, मधु थेपरा सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। साथ ही बलवंत कासनियां, इंद्र कासनियां, मोहित गर्ग, अंकुश सहारण, रुचि गर्ग, कोमल गर्ग, लिछमा देवी कासनियां एवं सुमन कासनियां की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

