
हनुमानगढ़। आज राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) आयोजित की जा रही है। जिले के 7 परीक्षा केंद्रों पर सुबह 11 बजे से कैंडिडेट्स की एंट्री शुरू हो गई है। थ्री लेयर जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के अनुसार परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होगी। दोपहर 1:30 बजे मुख्य गेट बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं मिलेगा। दोपहर 2 बजे से शुरू होने वाला यह एग्जाम शाम 5 बजे तक होगा। इस एग्जाम में जिसमें हजारों अभ्यर्थी डॉक्टर बनने का सपना लेकर शामिल हो रहे है। प्रशासन और शिक्षा विभाग ने परीक्षा के लिए व्यापक तैयारियां की थीं, जिसके तहत सभी केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए।
इस वर्ष जिले में 2500 से अधिक अभ्यर्थी नीट-यूजी परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा केंद्रों में टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल कॉलेज, राजकीय बालिका स्कूल, टाउन का एक निजी स्कूल, जंक्शन का राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, राजकीय कॉलेज टाउन और राजकीय महिला कॉलेज प्रमुख हैं। सुबह से ही इन सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ देखी गई।
कड़ी जांच के बाद एंट्री परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की जा रही है। इसमें बायोमेट्रिक सत्यापन, तलाशी (फ्रिस्किंग) और पहचान पत्र की जांच शामिल है। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, वैध पहचान पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य है। आवश्यक दस्तावेजों के बिना किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। नकल रोकने के लिए प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध था। परीक्षार्थियों को केवल पारदर्शी पानी की बोतल साथ रखने की अनुमति दी गई।

