
हनुमानगढ़ । जंक्शन के वार्ड नंबर 18 स्थित खोसा कॉलोनी के पास अंडरपास के ऊपर रेलवे अधिकारियों द्वारा कराए जा रहे दीवार निर्माण कार्य को लेकर रविवार को वार्डवासियों में भारी रोष देखने को मिला। रेलवे लाइन के पास पहले से करीब 13 फीट ऊंची दीवार होने के बावजूद करीब 70 फीट दूर नगर परिषद की सड़क पर नई दीवार निर्माण शुरू करवाने पर स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया और काम रुकवा दिया। वार्डवासियों का कहना है कि उन्होंने नगर परिषद में लाखों रुपये जमा करवाकर भूखंड खरीदे हैं। जिस स्थान पर रेलवे दीवार बनाने का प्रयास कर रहा है, वह नगर परिषद की सड़क है। ऐसे में सड़क पर रेलवे द्वारा दीवार निर्माण करना समझ से परे है। लोगों ने सवाल उठाया कि जब रेलवे पहले ही अपनी सीमा में दीवार बना चुका है तो अब नगर परिषद क्षेत्र में निर्माण कराने के पीछे आखिर क्या मंशा है। स्थानीय निवासी विक्रम बंसल ने नगर परिषद अधिकारियों से मामले में तुरंत संज्ञान लेने और रेलवे अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। वार्डवासियों ने कहा कि यदि यहां दीवार बन गई तो गली बंद हो जाएगी और कॉलोनीवासियों की आवाजाही बाधित होगी।वार्डवासियों के विरोध के चलते ठेकेदार ने फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सीमांकन स्पष्ट कर आमजन के रास्ते को सुरक्षित रखने की मांग की है।
