
हनुमानगढ़। टिब्बी थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित दो आरोपियों को चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों कार्रवाइयों में कुल 15.41 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया गया। पहली कार्रवाई सूरेवाला पुलिस चौकी प्रभारी एसआई रमेश चन्द्र के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ने मंगलवार देर रात्रि को गश्त के दौरान ख्यालीराम की ढाणी, सूरेवाला के पास एनजीसी नहर के पटड़ा पर नाकाबंदी की। इसी दौरान हरजिन्द्र सिंह उर्फ डॉक्टर पुत्र हरनेक सिंह निवासी पुखराम की ढाणी, रोही तन्दूरवाली को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके कब्जे से 10.25 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। दूसरी कार्रवाई टिब्बी थाना के एसआई वेदप्रकाश के नेतृत्व में पुखराम वाली ढाणी रोही तन्दूरवाली क्षेत्र में की गई। पुलिस ने राजविन्द्र कौर उर्फ राज पत्नी बलविन्द्र सिंह निवासी 6 पी, अनूपगढ़ हाल पुखराम वाली ढाणी के कब्जे से 5.16 ग्राम हेरोइन बरामद कर आरोपी महिला को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। दोनों मामलों की जांच हनुमानगढ़ साइबर पुलिस थाना के प्रभारी रघुवीर सिंह बीका कर रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी मादक पदार्थ कहां से लाते थे और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जा रही थी।
