
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस)। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना के नवाचार एवं दिशा-निर्देशानुसार पुलिस और आमजन के बीच संवाद एवं विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से जिले में लगातार ‘रात्रि चौपाल’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रावतसर पुलिस थाना क्षेत्र के धन्नासर गांव में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गांव पंचायत प्रशासक सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक एवं ग्रामीण मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन की ओर से रावतसर पुलिस थाना प्रभारी ईश्वरानंद तथा धन्नासर पुलिस चौकी प्रभारी एसआई विजेंद्र शर्मा मौजूद रहे। चौपाल के दौरान ग्रामीणों और पुलिस अधिकारियों के बीच सीधा संवाद हुआ। ग्रामीणों ने गांव की सुरक्षा व्यवस्था, गश्त एवं अन्य स्थानीय समस्याओं को पुलिस के समक्ष रखा। इस पर थाना प्रभारी ईश्वरानंद ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कई समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने हनुमानगढ़ पुलिस के नशा मुक्ति अभियान पर विशेष जोर देते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को नशा मुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि यदि गांव में कोई व्यक्ति अवैध मादक पदार्थांे की बिक्री या तस्करी में शामिल हो तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। वहीं बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी को देखते हुए ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया। एसआई विजेंद्र शर्मा ने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाता संबंधी जानकारी या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नम्बर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। साथ ही महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी पुलिस हेल्पलाइनों की जानकारी भी साझा की गई। ग्राम पंचायत प्रशासक एवं ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए गांव में कानून-व्यवस्था, शांति एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग का भरोसा दिलाया।
