
प्लॉट दिलाने के नाम पर लाखों रुपए हड़पने का आरोप, हनुमानगढ़ टाउन पुलिस की कार्रवाई
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस)। धोखाधड़ी के आठ प्रकरणों में करीब तीन साल से फरार चल रहे आरोपी को हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए रूपोश होकर जयपुर में कपड़ों की रंगाई का काम कर रहा था। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में वांछित अपराधियों, गैंगस्टरों एवं उनके सहयोगियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हनुमानगढ़ टाउन थाना प्रभारी अशोक बिश्नोई के नेतृत्व में एएसआई सरजीत सिंह एवं टीम ने मानवीय व तकनीकी आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी सोहेल खान (28) पुत्र सलीम खान निवासी गली नम्बर 4, नई आबादी, हनुमानगढ़ टाउन को जयपुर से गिरफ्तार किया। एसपी के अनुसार आरोपी 2023 में धोखाधड़ी के आरोप में दर्ज प्रकरण में वांछित था तथा सात अन्य प्रकरणों में धारा 299 सीआरपीसी के तहत वारंटी भी था। पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2014 में आरोपी सोहेल खान एवं उसके पिता सलीम खान ने प्रॉपर्टी डीलर के रूप में गांव कोहला में नगर कॉलोनी नाम से आवासीय कॉलोनी विकसित करने का दावा किया था। आरोपियों ने लोगों को प्लॉट किश्तों में देने और भुगतान पूरा होने पर रजिस्ट्री कराने का भरोसा दिलाया। परिवादियों को कॉलोनी का नक्शा दिखाने के साथ मौके पर प्लॉट भी दिखाए गए और लाखों रुपए अग्रिम राशि के रूप में ले लिए गए। बाद में जांच में सामने आया कि मौके पर बताए गए प्लॉट मौजूद नहीं थे और भूमि रूपांतरण से संबंधित दस्तावेज भी नहीं मिले। आरोप है कि प्लॉट के नाम पर लाखों रुपए लेने के बाद आरोपी वर्ष 2023 में फरार हो गए। इस मामले में अलग-अलग परिवादियों की ओर से हनुमानगढ़ टाउन थाने में आठ प्रकरण दर्ज कराए गए थे। पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी के पिता सलीम खान को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस टीम में एएसआई सरजीत सिंह, कांस्टेबल बलदेव सिंह एवं नरेश कुमार शामिल रहे। इस कार्रवाई में एएसआई सरजीत सिंह की विशेष भूमिका रही।
