
फिट इंडिया मूवमेंट के तहत साइकिल रैली आयोजित
हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के खेल निदेशालय की ओर से भारत सरकार के फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत संडे ऑन साइकिल अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज के निर्देशानुसार विश्वविद्यालय के उत्कर्ष क्लब के सहयोग से आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य युवाओं एवं समाज में स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। साइकिल रैली में शामिल प्रतिभागियों ने फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, नियमित व्यायाम अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। इस दौरान स्वस्थ जीवनशैली, सामुदायिक एकता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का संकल्प भी लिया गया। इस मौके पर श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं का शारीरिक रूप से सक्रिय रहना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वास्थ्य संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और अनुशासित जीवनशैली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाते हैं। विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डॉ. अभिषेक सांचोरा ने बताया कि संडे ऑन साइकिल अभियान का उद्देश्य युवाओं में फिटनेस, नियमित व्यायाम और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन कॉमनवेल्थ डे के मौके पर आयोजित संडे ऑन साइकिल के 75वें संस्करण का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य खेल भावना, सामुदायिक सहभागिता और फिट इंडिया अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभागाध्यक्ष डॉ. रमनदीप कौर, योग विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंका जोशी, डॉ. कीर्ति मौर्य, अरविंद सिंह रावत, योग प्रशिक्षक अतुल बंगवाल, अजय कुमार सहित विश्वविद्यालय परिवार के अनेक सदस्य मौजूद रहे।
