
-भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए लगाए परिंडे, समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
हनुमानगढ़। भीषण गर्मी के मौसम में पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से हनुमानगढ़ अग्रवाल समाज समिति हनुमानगढ़ जंक्शन के बैनर तले मंगलवार को महाराजा अग्रसेन पार्क में “परिंडे बांधो, पक्षी बचाओ” अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान पार्क परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में पक्षियों के लिए परिंडे बांधे गए और लोगों को भी जीव-जंतुओं की सेवा के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में अग्रवाल समाज के संरक्षक बाबूराम चमड़िया, डॉ. पीसी बंसल, रमन गर्ग, प्रहलाद राय शर्मा तथा व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष गोपाल जिंदल विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष ईज़ी सुभाष बंसल ने की। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है और अग्रवाल समाज समिति का यह प्रयास वास्तव में सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभियान से अन्य सामाजिक संगठनों और समाजों को भी प्रेरणा मिलेगी।
वक्ताओं ने समिति द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समिति अध्यक्ष सुभाष बंसल के नेतृत्व में अग्रवाल समाज समिति लगातार विकासशील सोच के साथ कार्य कर रही है और सामाजिक सरोकारों का दायित्व पूरी निष्ठा के साथ निभा रही है। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को केवल अपने तक सीमित नहीं रहना चाहिए बल्कि पर्यावरण, जीव-जंतुओं और जरूरतमंदों के प्रति भी संवेदनशील रहना चाहिए।
समिति अध्यक्ष सुभाष बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि महाराजा अग्रसेन पार्क स्थित आरोग्य भवन में प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 7 बजे तक निःशुल्क योग शिविर भी संचालित किया जा रहा है, जिसमें योग शिक्षक संदीप भाटी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग शिविर के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा रहा है, वहीं “परिंडे बांधो, पक्षी बचाओ” अभियान के जरिए पर्यावरण और जीव संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है।
सुभाष बंसल ने कहा कि गर्मी के दिनों में पक्षियों को पानी के अभाव में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यदि हमारे छोटे-छोटे प्रयासों से प्रतिदिन एक पक्षी की भी जान बचती है तो यह अभियान सफल माना जाएगा। उन्होंने बताया कि समिति द्वारा समय-समय पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में परिंडे बांधने का कार्य लगातार जारी रखा जाएगा।
इस अवसर पर समिति के सचिव तरसेम जिंदल, सहसचिव महावीर बंसल, कोषाध्यक्ष आशीष गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आर.के. गर्ग, सदस्य सुभाष मित्तल, सुरेश मित्तल, मुकेश मित्तल, राजेश कुमार, साहिल गर्ग, नरेश गर्ग (बिट्टू), हर्मेन्दर चमड़िया, नगर परिषद से सेवानिवृत्त सहायक अभियंता कर्मचंद, हरपाल गर्ग सहित शहर की बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम के अंत में समिति अध्यक्ष सुभाष बंसल ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
