
सनराइज इंस्टीट्यूट का संभाग स्तरीय ज्ञान केन्द्र सम्मान समारोह आयोजित
हनुमानगढ़। सनराइज इंस्टीट्यूट का संभाग स्तरीय ज्ञान केन्द्र सम्मान समारोह बुधवार को जंक्शन में आयोजित किया गया। समारोह में बीकानेर संभाग के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ज्ञान केन्द्रों को अतिथियों की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में श्रीगंगानगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद कुलदीप इंदौरा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी तथा पूर्व प्रधान जयदेव भिड़ासरा ने अतिथि के रूप में शिरकत की। अतिथियों ने ज्ञान केन्द्र संचालकों की भूमिका की सराहना करते हुए शिक्षा और कौशल विकास को समय की आवश्यकता बताया। राजस्थान नॉलेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (आरकेसीएल) के सर्विस प्रोवाइडर अश्विनी पारीक ने बताया कि सनराइज इंस्टीट्यूट के बीकानेर संभाग में कुल 144 ज्ञान केन्द्र संचालित हो रहे हैं। इन ज्ञान केन्द्रों के माध्यम से महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से महिलाओं को वर्ष में एक बार नि:शुल्क कंप्यूटर शिक्षा भी प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि हनुमानगढ़ जिले, बीकानेर संभाग और पूरे राजस्थान के लिए यह महत्वपूर्ण उपलब्धि है कि आरकेसीएल का इंटर्नशिप ट्रेनिंग को लेकर पाठ्यक्रमों में एमओयू हुआ है। इसके तहत बीए, बीएससी और बीकॉम के छात्र-छात्राओं के लिए इंटर्नशिप आवश्यक होगी। पारीक ने कहा कि इंटर्नशिप के दौरान आरकेसीएल के एआई सहित अन्य कोर्सेज भी शामिल रहेंगे, जिससे छात्र-छात्राओं को नई तकनीकों और कौशल आधारित शिक्षा का लाभ मिलेगा।
