
-विशाल भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, हजारों भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद
हनुमानगढ़। सेक्टर नंबर 12 स्थित श्री संकट मोचन बालाजी धाम मंदिर का दो दिवसीय वार्षिक स्थापना दिवस महोत्सव गुरुवार को धार्मिक अनुष्ठानों, हवन यज्ञ और विशाल भंडारे के साथ श्रद्धापूर्वक संपन्न हो गया। महोत्सव के अंतिम दिन मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण भक्ति एवं श्रद्धा से सराबोर नजर आया।
समिति अध्यक्ष सभापति सुमित रणवां के नेतृत्व में आयोजित महोत्सव के समापन अवसर पर सबसे पहले रामायण पाठ का विधिवत भोग लगाया गया। इसके बाद पंडित अरविंद पांडे द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सामूहिक हवन यज्ञ आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में भक्तों द्वारा जयकारों के साथ माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
हवन यज्ञ के पश्चात भंडारे से पूर्व विशेष रूप से कंजक पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। समिति अध्यक्ष सभापति सुमित रणवां, पार्षद मंजू रणवा, मुख्य यजमान अमन गुप्ता तथा केके गुप्ता ने विधिवत कंजक पूजन कर कन्याओं का आशीर्वाद लिया। इस दौरान कन्याओं के चरण पूजकर उन्हें भोजन करवाया गया तथा उपहार भेंट किए गए। श्रद्धालुओं ने इस धार्मिक परंपरा को बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ देखा।
इसके बाद बालाजी महाराज का विशाल भंडारा प्रारंभ हुआ, जो देर शाम तक चलता रहा। भंडारे में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे पूरे आयोजन में अनुशासन और व्यवस्था बनी रही। मंदिर परिसर में जगह-जगह सेवादार श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे नजर आए।
समिति महासचिव भारत भूषण कौशिक ने बताया कि महोत्सव के दौरान लगातार धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि बालाजी महाराज की कृपा से महोत्सव अत्यंत भव्य और सफल रहा। आयोजन को सफल बनाने में शेरपाल सिंह, पंडित हीरालाल शर्मा, पवन अग्रवाल, बनवारी कोकना, संदीप बिंदल, वीरेंद्र शर्मा, नरेश शर्मा, गुरु चरण धोदिया, पुरुषोत्तम सोनी, राजेंद्र बात्रा, मलकीत सिंह मान, इंद्र मोहन कटारिया, नीरज कुमार, गुरु सेवक सिंह, अशोक पारीक, पंडित विकास शर्मा, मनोज शर्मा, ललित शर्मा, हरि प्रकाश शर्मा, महावीर शर्मा, यूवी शर्मा, गौरव शर्मा सहित अनेक सेवादारों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
