
डीजल माफिया पर कार्रवाई और बकाया भुगतान की मांग को लेकर पेट्रोलियम एसोसिएशन का ज्ञापन*
*-जिलाध्यक्ष पतराम भांभू बोले— अवैध डीजल कारोबार पर रोक लगे, रैलियों में दिए गए डीजल के बिलों का हो शीघ्र भुगतान*
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ पेट्रोलियम एसोसिएशन ने जिले में अवैध रूप से डीजल-पेट्रोल के भंडारण, परिवहन और विक्रय करने वाले डीजल माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा विभिन्न सरकारी रैलियों में आपूर्ति किए गए डीजल के बकाया बिलों का भुगतान करवाने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष पतराम भांभू के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में प्रशासन को जिले में लगातार बढ़ रहे अवैध डीजल कारोबार और पेट्रोल पंप संचालकों की आर्थिक परेशानियों से अवगत करवाया गया।ज्ञापन में बताया गया कि पड़ोसी राज्यों पंजाब एवं हरियाणा में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में अंतर होने के कारण हनुमानगढ़ जिले में बड़े स्तर पर अवैध डीजल सप्लाई का कारोबार फल-फूल रहा है। डीजल माफिया पंजाब और हरियाणा से डीजल लाकर गांव-गांव में होटल, दुकानों और अन्य स्थानों पर खुलेआम अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल बेच रहे हैं। इससे जहां सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है, वहीं वैध पेट्रोल पंप संचालकों के कारोबार पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।एसोसिएशन ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी 22 मार्च 2024 को तहसीलवार सूची प्रशासन को उपलब्ध करवाई गई थी। इसके बाद भी कई बार जिला प्रशासन और जिला रसद अधिकारी को अवगत करवाया गया, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अवैध कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जिला मुख्यालय से करीब 6 किलोमीटर की दूरी पर ग्राम मक्कासर की गली नंबर 2 में एक दुकान पर तथा ग्राम कोहला में मामा-भांजा होटल के सामने स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के पीछे से बड़ी मात्रा में अवैध डीजल-पेट्रोल बेचा जा रहा है।इसके अलावा ग्राम लखुवाली में पुलिस चौकी से मात्र 100 फुट की दूरी पर दो दुकानों में खुलेआम डीजल-पेट्रोल की बिक्री किए जाने का आरोप लगाया गया है। एसोसिएशन के अनुसार गांवों में सैकड़ों पिकअप वाहन अवैध डीजल सप्लाई के कार्य में लगे हुए हैं। ज्ञापन में कई वाहनों के नंबर भी प्रशासन को उपलब्ध करवाए गए हैं, जिनके माध्यम से प्रतिदिन पंजाब से डीजल लाकर गांवों और होटलों में सप्लाई की जा रही है।एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की कि अवैध डीजल कारोबार में शामिल लोगों और वाहनों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई कर इस पर रोक लगाई जाए, ताकि वैध व्यापारियों को राहत मिल सके और सरकार को राजस्व हानि से बचाया जा सके।इसके साथ ही एसोसिएशन ने एक अन्य ज्ञापन के माध्यम से विभिन्न सरकारी एवं राजनीतिक रैलियों में पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा उपलब्ध करवाए गए डीजल के बकाया भुगतान की मांग भी उठाई। ज्ञापन में बताया गया कि 17 दिसंबर 2024 को जयपुर के दादिया में आयोजित प्रधानमंत्री की रैली में गंगानगर और बीकानेर जिले से गई बसों में पल्लू पेट्रोल पंप द्वारा जिला प्रशासन के आदेश पर डीजल की आपूर्ति की गई थी, लेकिन आज तक भुगतान नहीं किया गया।इसी प्रकार फरवरी 2026 में अजमेर में आयोजित मुख्यमंत्री की रैली के लिए हनुमानगढ़ जिले से भेजी गई बसों में भी पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा प्रशासनिक आदेशों की पालना करते हुए डीजल उपलब्ध करवाया गया था। इसके अलावा मार्च 2026 में हनुमानगढ़ में आयोजित मुख्यमंत्री की सभा में आने वाले लाभार्थियों की बसों में भी डीजल सप्लाई की गई, जिसका भुगतान अब तक लंबित है।जिलाध्यक्ष पतराम भांभू ने कहा कि लंबे समय से भुगतान लंबित रहने के कारण पेट्रोल पंप संचालकों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सभी बकाया बिलों का भुगतान एक सप्ताह के भीतर करवाया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में बिना अग्रिम भुगतान के किसी भी सरकारी या राजनीतिक रैली के लिए वाहनों में डीजल की आपूर्ति नहीं की जाएगी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष पतराम भाम्भू, जिला मंत्री विपुल धमीजा, कोषाध्यक्ष विनीत गणेशगढिया, संरक्षक दीपक गोयल, दुलीचंद, सहीराम, संदीप गोदारा, सुभाष व अन्य सदस्य मौजूद थे।
