
घर में घुसकर चोरी करने के नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से हताश महिला ने मुख्यमंत्री के सामने बच्चों सहित जहर खाकर आत्महत्या करने की चेतावनी दी है। इस संबंध में शुक्रवार को विवाहिता ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
बच्चियों सहित जान से मारने की धमकी
जंक्शन के सुरेशिया में रहने वाली विवाहिता ने बताया कि 14 मार्च को नत्थूराम पुत्र चुन्नीराम निवासी जोड़कियां और 15-20 अन्य ने उसके घर में घुसकर घरेलू सामान, स्त्रीधन और जेवरात चोरी कर लिए। इस संबंध में उसने उसी दिन महिला पुलिस थाना में एफआईआर दर्ज करवाई थी। लेकिन इसमें अभी तक न तो उसका स्त्रीधन व अन्य घरेलू सामान, सोने-चांदी के जेवरात की बरामदगी की गई है, न ही आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी सरेआम खुले घूम रहे हैं। उसे उसकी छोटी-छोटी दोनों बच्चियों सहित जान से मारने की धमकी दी जा रही है। मुकदमा वापस उठा लेने का दबाव बनाया जा रहा है। वह पिछले करीब एक माह से अपनी दोनों बच्चियों सहित एसपी कार्यालय व महिला पुलिस थाना के चक्कर लगा रही है परंतु न्याय नहीं मिला।
पुलिस प्रशासन पर तंग करने का आरोप
विवाहिता ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन की ओर से उसे जानबूझ कर तंग-परेशान किया जा रहा है तथा बच्चियों सहित आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। विवाहिता के अनुसार नत्थूराम ने उसके पति को काफी समय से गायब कर रखा है। उसके पति का मोबाइल फोन स्विच ऑफ आ रहा है। उसे आशंका है कि नत्थूराम उसका घर हड़पने के उद्देश्य से उसके पति को जान से मार दिया है। उसकी दोनों बच्चियां उचित शिक्षा से भी वंचित हो चुकी हैं।
तुरंत गिरफ्तारी की मांग
विवाहिता ने ज्ञापन के माध्यम से गुहार लगाई कि आरोपियों को तुरंत प्रभाव से गिरफ्तार करते हुए स्त्रीधन व अन्य घरेलू सामान की बरामदगी किए जाने का आदेश पुलिस को दिया जाए। अगर कार्रवाई नहीं हुई तो वह मुख्यमंत्री के सामने बच्चों सहित जहर खाकर जीवनलीला समाप्त कर लेगी। इसकी जिम्मेवार पुलिस होगी।
आरोपी राउंडअप, किराए का बताया विवाद
पुलिस थाना महिला थानाधिकारी कविता पूनिया ने बताया कि महिला किराए के मकान में रहती हैं। मकान मालिक नत्थूराम है जो की जोड़किया का रहने वाला है। पीड़ित महिला का पति विकास कुमार ही मकान किराए को वहन कर रहा था। पिछले सात-आठ महीने पहले पीड़िता और उसके पति का आपसी विवाद हुआ तो विकास कुमार घर छोड़कर चला गया। मकान का किराया 7-8 माह से वहन नहीं हो रहा था, तो मकान मालिक ने महिला का सामान बाहर निकलवा दिया। इस मामले में मकान मालिक नत्थूराम को पुलिस ने राउंडअप कर रखा है, जिससे अनुसंधान चल रहा है। हालांकि मकान तो नत्थूराम का ही है।
थानाधिकारी ने बताया कि मामले में धारा 354 जुड़ने की वजह से महिला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसके चलते आरोपी को राउंडअप कर उससे पूछताछ की जा रही है।
