
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) भीषण गर्मी के इस कठिन दौर में जब तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है और पानी की कमी से जनजीवन के साथ-साथ बेजुबान पक्षी भी बेहाल हैं, ऐसे समय में एपेक्स महिला क्लब द्वारा जारी परिण्डे लगाने के अभियान में क्लब सदस्यों द्वारा आज नेहरू बाल उद्यान ( नेहरू मेमोरियल चिल्ड्रन स्कूल पार्क) में परिंडे (पानी के पात्र) वितरित किए गए, ताकि तपती धूप और भीषण गर्मी में पक्षियों को पीने का पानी उपलब्ध हो सके। क्लब का उद्देश्य केवल सेवा करना ही नहीं, बल्कि समाज को पर्यावरण संरक्षण, जीव दया और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है। क्लब की अध्यक्ष सुषमा बैद ने बताया कि वर्तमान में गर्मी इतनी अधिक है कि कई स्थानों पर पानी की उपलब्धता न होने के कारण पक्षी दम तोड़ रहे हैं। ऐसे में उन्हें बचाने के लिए यह एक छोटी-सी कोशिश है, ताकि अधिक से अधिक पक्षियों को जीवन मिल सके। उन्होंने कहा कि परिंडे लगाना और उनमें नियमित रूप से पानी भरना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व होना चाहिए। संरक्षक रेणु सोंधी ने कहा कि एपेक्स महिला क्लब हमेशा से ही सामाजिक सरोकारों से जुड़ा रहा है। उन्होंने बताया कि एपेक्सियन परिवार द्वारा मार्च माह से अभियान चलाया जा रहा है इस पूर्व मदान एन्कलेव, अल्फा सिटी,नई आबादी,सेक्टर 3 के पार्को में परिण्डे लगाये गये, नई आबादी में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द पारीक की माता जी द्वारा पूर्ण सहयोग से परिण्डे बांधे गये । क्लब की सचिव पूजा जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि एपेक्स महिला क्लब समय-समय पर सामाजिक, धार्मिक एवं जनहित के कार्यक्रम आयोजित करता रहता है। चाहे वह पर्यावरण संरक्षण हो, जीवों की सेवा हो या समाज के जरूरतमंद वर्ग के लिए सहयोग—क्लब हर क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाता है। इस सेवा कार्य में संरक्षक रेणु सोंधी, अध्यक्ष सुषमा बैद, सचिव पूजा जैन,सुनीता वर्मा,डॉ नीलम गोड़ और प्रेरणा सहित अन्य सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी सदस्यों ने मिलकर परिंडे वितरित किए और स्थानीय निवासियों से अपील की कि वे इन परिंडों में प्रतिदिन पानी भरने की जिम्मेदारी निभाएं। एपेक्स महिला क्लब का यह प्रयास समाज में करुणा, संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण की भावना को मजबूत करने वाला है। यह पहल न केवल पक्षियों के लिए जीवनदायिनी साबित होगी, बल्कि लोगों को प्रकृति और जीवों के प्रति अपने कर्तव्यों का भी एहसास कराएगी।
