
11 जून से आंधी-बारिश की गतिविधियां बढऩे के आसार
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है। मंगलवार को हनुमानगढ़ में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे आमजन का जनजीवन प्रभावित रहा। दोपहर के समय बाजारों और सडक़ों पर आवाजाही कम नजर आई, जबकि जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग गर्म हवाओं और तेज धूप से परेशान रहे। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 45.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में आगामी दो दिनों तक मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने, कुछ स्थानों पर हीटवेव चलने तथा 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हालांकि लोगों को जल्द ही गर्मी से कुछ राहत मिलने के संकेत भी मिले हैं। मौसम विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण 11 जून से प्रदेश के कुछ भागों में आंधी और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। 11 से 14 जून के दौरान बीकानेर, जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
