
अहमदाबाद विमान हादसे में दिवंगत हुए युवा चिकित्सक की स्मृति में रक्तदान शिविर
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) टाउन स्थित बिश्नोई धर्मशाला में शुक्रवार को दिवंगत डॉ. मानव भादू की प्रथम पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों, समाजसेवियों एवं नागरिकों ने हिस्सा लेकर डॉ. मानव भादू को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। शिविर में 305 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होगा। 12 जून 2025 को अहमदाबाद स्थित बीजे मेडिकल कॉलेज परिसर में हुए भीषण विमान हादसे में डॉ. मानव भादू का असामयिक निधन हो गया था। डॉ. मानव भादू एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे थे और हादसे के समय अपने हॉस्टल में भोजन कर रहे थे। श्रद्धांजलि सभा में जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई, उपखंड अधिकारी मांगीलाल सुथार, डीएसपी मीनाक्षी चौधरी, आईएमए अध्यक्ष डॉ. एसएस गेट, पूर्व पीएमओ डॉ. एमपी शर्मा, डॉ. शंकर पारीक, इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव रामनिवास मांडण, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने डॉ. मानव भादू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. मानव भादू के पिता दलीप भादू ने भावुक शब्दों में कहा कि इस दुखद घटना ने पूरे परिवार को गहरा आघात पहुंचाया। दलीप भादू ने कहा कि उनके पुत्र ने अपने छोटे से जीवनकाल में समर्पण, प्रतिभा और सेवा भाव से न केवल परिवार बल्कि समाज और राजस्थान का नाम भी गौरवान्वित किया। उन्होंने आयोजन में पहुंचे सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम उनके पुत्र के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि हैं। अन्रू वक्ताओं ने कहा कि डॉ. मानव भादू का निधन समाज और चिकित्सा क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की। इस मौके पर आयोजित रक्तदान शिविर में राजकीय महात्मा गांधी चिकित्सालय की ब्लड बैंक टीम ने रक्त संग्रह किया। शिविर में युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने रक्तदान किया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने कहा कि डॉ. मानव भादू की स्मृति में भविष्य में भी जनसेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
