
एसपी ने सुरक्षित यात्रा के लिए हेलमेट पहनने का दिया संदेश
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) सडक़ सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात शाखा की ओर से चलाए जा रहे हेलमेट वितरण अभियान के तहत शुक्रवार को हेलमेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। टाउन में यातायात शाखा परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसके फाइनेंस के सहयोग से 50 जरूरतमंद दुपहिया वाहन चालकों को निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करना तथा सडक़ दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना रहे। उनके साथ पुलिस उप अधीक्षक मीनाक्षी सहारण, यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा, एसके फाइनेंस लिमिटेड के रीजनल मैनेजर अमित नागपाल, वरुण शर्मा, दीपेन्द्र शेखावत ने लाभार्थियों को हेलमेट वितरित किए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने कहा कि सडक़ दुर्घटनाओं में होने वाली अधिकांश मौतों का प्रमुख कारण हेलमेट का उपयोग नहीं करना है। हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं बल्कि जीवन रक्षा का महत्वपूर्ण उपकरण है। प्रत्येक दुपहिया वाहन चालक और पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट का उपयोग करना चाहिए। यातायात नियमों की पालना से न केवल स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित होती है बल्कि अन्य सडक़ उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा भी बनी रहती है। डीएसपी मीनाक्षी सहारण ने कहा कि पुलिस विभाग का उद्देश्य केवल नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों में जागरूकता पैदा करना भी है। इसी सोच के साथ यातायात पुलिस समय-समय पर विभिन्न जागरूकता अभियान चलाकर नागरिकों को सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित कर रही है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे तेज गति, मोबाइल फोन का उपयोग और बिना हेलमेट वाहन चलाने जैसी आदतों से बचें। यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा ने बताया कि यातायात पुलिस की ओर से लगातार जागरूकता कार्यक्रम, स्कूल-कॉलेजों में व्याख्यान, वाहन चालकों को समझाइश तथा हेलमेट वितरण जैसे अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इन अभियानों का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। एसके फाइनेंस के प्रतिनिधियों ने कहा कि संस्था अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के निर्वहन के तहत सडक़ सुरक्षा से जुड़े अभियानों में सहयोग करती रही है। लोगों की सुरक्षा और जीवन बचाने के उद्देश्य से हेलमेट वितरण अभियान में सहयोग करना उनके लिए गर्व का विषय है।
