
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू बोले- केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना लक्ष्य
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) भारतीय जनता पार्टी द्वारा केंद्र की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र पाल सिंह टीटी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में किसानों से जुड़े मुद्दों, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीद, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर चर्चा की गई। सुरेंद्रपाल सिंह टीटी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, आधारभूत ढांचे और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचा है और देश वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां आमजन, किसान, युवा, महिला और गरीब वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर दिया। इस अवसर पर भाजपा नेता अमित सहू ने प्रदेश सरकार द्वारा एमएसपी पर गेहूं खरीद को लेकर किए गए निर्णयों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसानों और व्यापारियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने खरीद लक्ष्य में वृद्धि की है तथा खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार गेहूं खरीद से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार निगरानी कर रही है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के हितों की रक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक कार्य किए जा रहे हैं। इस अवसर पर डॉ. भारतभूषण शर्मा, जुगल किशोर गौड़, कृष्ण तायल, आशीष पारीक, देवेन्द्र अग्रवाल सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया गया।
