
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) टाउन की बरकत कॉलोनी स्थित फाटक गौशाला में सामवती अमावस्या के पावन अवसर पर भव्य हवन यज्ञ और गौ पूजा का आयोजन श्रद्धा व भक्ति भाव के साथ किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में नगर के अनेक श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विधिपूर्वक पूजन-अर्चन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कार्यक्रम की शुरुआत वेद मंत्रों की गूंज के साथ हुई, जब पंडित रामप्रकाश शास्त्री ने वैदिक विधि-विधान से हवन यज्ञ आरंभ कराया। श्रद्धालुओं ने यज्ञ में पूर्णाहुति अर्पित करते हुए ईश्वर से कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। गौशाला के अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा सामवती अमावस्या हिन्दू ध्धर्म में अत्यंत पुण्यदायी और दुर्लभ तिथि मानी जाती है, जब अमावस्या तिथि सोमवार के दिन पड.ती है, तो उसे सोमवती अमावस्या कहा जाता है, धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन किए गये स्नान,दान,जप और भगवान शिव की पुजा से विशेष पुण्य प्राप्त होता हे तथा पितरो की कृपा भी मिलती है । अध्यक्ष ने गौ सेवा और दान-पुण्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सामवती अमावस्या का दिन धार्मिक साधना और पुण्य कार्यों के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। उन्होंने बताया कि गौ सेवा केवल धार्मिक नहीं, बल्कि मानवीय कर्तव्य भी है। इस अवसर पर विशेष रूप से गौ माता की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। गौ सेवकों द्वारा गायों को हरा चारा और पौष्टिक ‘गौ लड्डू’ अर्पित किए गए, जिन्हें विशेष रूप से इस आयोजन के लिए तैयार किया गया था। श्रद्धालुओं ने गौ माता के चरणों में पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में प्रियंका,सुमन, प्रेमलता, पुष्पा देवी, नीतीश स्वामी, हिमांश, रमेश, मनोज, मनीष, चंडूराम, ललित गोयल, खुश, मनीषा, सत्यनारायण राजपुरोहित, रेखा राजपुरोहित, उर्मिला बजाज, अनिल, नीलम, अर्चना, जोतराम, आशा देवी, सुमन पारीक आदि श्रद्धालु ने भी पूरी आस्था के साथ हवन यज्ञ में भाग लिया। गौशाला समिति ने इस सफल आयोजन के लिए सभी उपस्थित श्रद्धालुओं और गौ सेवकों का आभार व्यक्त किया। साथ ही यह संकल्प भी लिया कि भविष्य में इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों को निरंतर किया जाएगा, जिससे समाज में गौ सेवा, संस्कार और धार्मिक आस्था को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
