
जरूरतमंद बेटियों को ब्यूटी पार्लर शुरू करने में मिलेगा सहयोग, विशेषज्ञों ने साझा किए आधुनिक सौंदर्य टिप्स
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से जंक्शन में भव्य स्किन ट्रिटमेंट कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर स्किन केयर, ब्यूटी ट्रीटमेंट और ब्यूटी इंडस्ट्री में रोजगार की संभावनाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। कार्यशाला के मुख्य वक्ता स्किन ट्रिटमेंट एक्सपर्ट तोषी सिंघ एवं ब्यूटी एक्सपर्ट मान्या गुप्ता रहे। दोनों विशेषज्ञों ने महिलाओं को त्वचा की देखभाल, आधुनिक स्किन ट्रीटमेंट तकनीकों, सौंदर्य संबंधी नवीनतम ट्रेंड्स तथा ब्यूटी व्यवसाय से जुड़ी आवश्यक जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने बताया कि आज के समय में ब्यूटी एवं वेलनेस सेक्टर तेजी से विकसित हो रहा है और महिलाएं इस क्षेत्र में सफल व्यवसाय स्थापित कर आर्थिक रूप से मजबूत बन सकती हैं। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने विभिन्न प्रकार की त्वचा संबंधी समस्याओं, उनके समाधान तथा घरेलू एवं पेशेवर स्किन केयर के तरीकों पर भी विस्तार से चर्चा की। उपस्थित महिलाओं ने भी अपने प्रश्न पूछकर विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य जीतू बजाज एवं किरण शर्मा ने महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि किसी भी जरूरतमंद परिवार की बेटी यदि ब्यूटी पार्लर खोलकर आत्मनिर्भर बनना चाहती है तो समिति उसकी हरसंभव सहायता करेगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं का आर्थिक रूप से सशक्त होना समाज के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है और इसी सोच के साथ यह पहल की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे वे अपने पैरों पर खड़ी होकर परिवार और समाज में सकारात्मक योगदान दे सकें। कार्यक्रम में महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यशाला का समापन महिलाओं को आत्मविश्वास, कौशल विकास और स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के संदेश के साथ हुआ। आयोजकों ने भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
