
63704 बैग की कमी से किसानों की फसल खुले में पड़ी, जिला कलक्टर से लगाई गुहार
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जंक्शन धान मंडी में बारदाने की कमी के चलते वैध पंजीकृत किसानों के गेहूं की सरकारी खरीद प्रक्रिया प्रभावित होने लगी है। इस संबंध में मंगलवार को व्यापारिक संगठनों व्यापार संघ, व्यापार मंडल, फूडग्रेन व्यापार मंडल तथा खाद्य व्यापार संघ के पदाधिकारियों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल बारदाना उपलब्ध करवाने तथा किसानों के गेहूं की समर्थन मूल्य पर खरीद सुनिश्चित करने की मांग की। व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने बताया कि भारतीय खाद्य निगम को जंक्शन धान मंडी में वैध पंजीकृत किसानों के गेहूं की खरीद के लिए कुल 1 लाख 28 हजार 704 बैग बारदाने की आवश्यकता है, जबकि अब तक केवल 65 हजार बैग ही उपलब्ध कराए गए हैं। इसके चलते 63 हजार 704 बैग की कमी बनी हुई है और बड़ी मात्रा में किसानों का गेहूं खुले में पड़ा हुआ है। व्यापारिक संगठनों ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर कृषि उपज मंडी समिति के सचिव की ओर से भौतिक सत्यापन भी करवाया जा चुका है। इसके बावजूद बारदाने की कमी दूर नहीं हो सकी है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने मांग की कि तिलम संघ और आरसीएफ के पास उपलब्ध अतिरिक्त बारदाना तथा उनके खरीद लक्ष्य को एफसीआई के पक्ष में स्थानांतरित किया जाए। यदि यह संभव नहीं हो तो एफसीआई में पंजीकृत किसानों को अन्य खरीद एजेंसियों में ट्रांसफर किया जाए, ताकि किसानों के गेहूं की खरीद समर्थन मूल्य पर हो सके और समय पर उठाव सुनिश्चित किया जा सके। व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर किसानों को राहत दिलाने की मांग की। उनका कहना है कि समय रहते समाधान नहीं होने पर किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
