
टाउन थाना पुलिस की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) टाउन में जाकिर हुसैन पार्क के पास स्थित मुस्लिम मुसाफिर खाना परिसर को लेकर चल रहे विवाद में उपखंड अधिकारी न्यायालय के आदेश की पालना करते हुए मंगलवार को टाउन थाना पुलिस ने परिसर का कब्जा मुस्लिम मुसाफिर खाना प्रबंधक समिति को सौंप दिया। आदेश की पालना में टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मुस्लिम मुसाफिर खाना परिसर का कब्जा प्रबंधक समिति को सौंप दिया। टाउन थाना प्रभारी अशोक बिश्नोई ने बताया कि मुस्लिम मुसाफिर खाना प्रबंधक समिति और राजू खान के बीच परिसर के कब्जे को लेकर विवाद चल रहा था। यह मामला उपखंड अधिकारी की न्यायालय में विचाराधीन था। एसडीएम न्यायालय की ओर से 15 जून को जारी आदेश में पुलिस को न्यायालय के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए कहा गया था। आदेश के अनुसार संबंधित परिसर का कब्जा मुस्लिम मुसाफिर खाना प्रबंधक समिति को सुपुर्द किया जाना था। इस दौरान मौके पर मौजूद राजू खान ने परिसर में रखा अपना सामान साथ ले लिया और शांतिपूर्ण ढंग से कार्रवाई सम्पन्न हुई। पुलिस के अनुसार पूरी कार्रवाई प्रशासनिक आदेशों के अनुरूप और कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए की गई। उल्लेखनीय है कि मुस्लिम मुसाफिर खाना परिसर के स्वामित्व और कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था, जिस पर उपखंड अधिकारी न्यायालय ने निर्णय देते हुए परिसर का कब्जा प्रबंधक समिति को सौंपने के आदेश जारी किए थे।
