
निराश्रित पशुओं की वजह से हुआ हादसा, कार क्षतिग्रस्त
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जंक्शन क्षेत्र के करणी चौक के पास गुरुवार को एक कार सडक़ पर आए गोवंश से टकरा गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा एक तरफ से क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करणी चौक क्षेत्र में सडक़ पर अचानक आए गोवंश के कारण कार नम्बर एचआर 51 एए 8151 का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार पशु से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का बोनट, बंपर और हेडलाइट क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि करणी चौक क्षेत्र में प्रतिदिन हरा चारा डाला जाता है, जिसके कारण बड़ी संख्या में गोवंश और अन्य निराश्रित पशु सडक़ पर एकत्रित हो जाते हैं। व्यस्त मार्ग होने के बावजूद पशुओं की मौजूदगी से लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि इससे पहले भी गोवंश से टकराने के कई हादसे हो चुके हैं। कई बार प्रशासन और नगर परिषद का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित किया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। स्थानीय नागरिकों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने नगर परिषद और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से निराश्रित पशुओं की समस्या के समाधान तथा सडक़ पर चारा डालने की व्यवस्था को नियोजित करने की मांग की है, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
