
कांग्रेस जिलाध्यक्ष की मध्यस्थता से बनी सहमति, नियमित मजदूरी भुगतान का मिला आश्वासन
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) निकटवर्ती गांव जण्डावाली में मनरेगा कार्यों के दौरान ऑनलाइन हाजिरी दर्ज करने में आ रही तकनीकी समस्याओं और मजदूरी भुगतान में हो रही देरी को लेकर मनरेगा मजदूरों ने ग्राम पंचायत परिसर में प्रदर्शन किया। मजदूरों ने आरोप लगाया कि नियमित रूप से कार्य करने के बावजूद उनकी उपस्थिति दर्ज नहीं हो पा रही है, जिसके कारण उन्हें समय पर मजदूरी का भुगतान नहीं मिल रहा है। प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने बताया कि मनरेगा में लागू ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली के तहत कई श्रमिकों की आंखों की पुतली (आइरिस) का मिलान नहीं हो रहा है, वहीं बुजुर्ग मजदूरों के फिंगरप्रिंट भी मशीन में नहीं आ रहे हैं। इसके अतिरिक्त इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या के कारण भी उपस्थिति दर्ज करने में बाधा उत्पन्न हो रही है। इन तकनीकी खामियों का सीधा असर मजदूरों की मजदूरी पर पड़ रहा है और कई श्रमिकों को अपने किए गए कार्य का भुगतान नहीं मिल पा रहा है।मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि जहां एक ओर वास्तविक श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज नहीं हो पा रही है, वहीं कुछ लोगों की बिना कार्य किए घर बैठे हाजिरी लगने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। उन्होंने इस व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले की जानकारी मिलने पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनीष मक्कासर मौके पर पहुंचे और मजदूरों की समस्याएं सुनीं। उनकी मध्यस्थता से विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत सरपंच, मनरेगा कार्मिकों एवं मजदूर प्रतिनिधियों के बीच वार्ता आयोजित की गई। बैठक में मजदूरों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा तकनीकी खामियों को दूर करने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। वार्ता के दौरान अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि ऑनलाइन हाजिरी से संबंधित समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा तथा जिन मजदूरों की उपस्थिति तकनीकी कारणों से दर्ज नहीं हो पाई है, उनके मामलों का परीक्षण कर उचित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी सहमति बनी कि मनरेगा श्रमिकों को उनकी निर्धारित मजदूरी 281 रुपये प्रतिदिन का नियमित भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि मजदूरों की मेहनत की कमाई समय पर मिलना उनका अधिकार है। उन्होंने प्रशासन से श्रमिकों की समस्याओं का स्थायी समाधान करने तथा पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। वार्ता के बाद मजदूरों ने संतोष व्यक्त किया और प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासनों पर भरोसा जताया। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर, कॉमरेड रामचंद्र कुमार , कॉमरेड पालाराम, सरपंच प्रतिनिधि टहल सिंह बराड़, जगदीप रंगारा, शकूर खान, सुरेंद्र चंडी, राकेश सोनी, तुफैल, गोविन्दराम, खेमचंद , नानक टांटिया, शोपतराम सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।
