
पड़ोसी व गिरदावर पर दबाव बनाने का आरोप, जिला कलक्टर से न्याय की मांग
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) वार्ड संख्या 39 निवासी एक विधवा महिला ने अपनी कृषि भूमि को लेकर कथित रूप से हो रहे उत्पीड़न के संबंध में जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की है। महिला का आरोप है कि पड़ोसी किसान एवं एक सरकारी कर्मचारी मिलकर उस पर खेत से रास्ता देने के लिए दबाव बना रहे हैं, जबकि उसके पास जीविका का यही एकमात्र साधन है। प्रार्थीया सीलो देवी पत्नी स्वर्गीय पीरूराम ने जिला कलक्टर को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके नाम चक नंबर 21 एलएलडब्ल्यू में करीब दो बीघा कृषि भूमि आवंटित है। इसी भूमि से होने वाली आय के सहारे वह अपनी चार बेटियों तथा परिवार का पालन-पोषण कर रही है। पति के निधन के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई है और कृषि भूमि ही उनकी आजीविका का आधार बनी हुई है। महिला ने आरोप लगाया कि उसके खेत के पड़ोसी शेराराम निवासी जंडावाली अपने खेत तक पहुंचने के लिए उसकी भूमि में से रास्ता निकालना चाहता है। जबकि आसपास अन्य किसानों की अतिरिक्त भूमि भी मौजूद है, जिनके माध्यम से रास्ता निकाला जा सकता है। इसके बावजूद उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। महिला का कहना है कि विरोध करने पर उसे डराया-धमकाया जाता है तथा गाली-गलौज भी की जाती है।
प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि क्षेत्र का एक गिरदावर भी शेराराम के पक्ष में कार्य करते हुए महिला पर रास्ता देने के लिए दबाव बना रहा है। महिला का कहना है कि वह गरीब एवं विधवा है, इसलिए प्रभावशाली लोगों के दबाव के कारण मानसिक रूप से परेशान है। सीलो देवी ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने तथा उसकी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उसने कहा कि यदि उसकी कृषि भूमि प्रभावित होती है तो उसके परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो जाएगा। ज्ञापन पर सीलो देवी के अलावा विजय कुमार, सुनील कुमार , संतराम, जमना देवी, राकेश कुमार, भको देवी, शिला देवी और रजनी देवी सहित कई लोगों के हस्ताक्षर भी दर्ज हैं। महिला ने जिला कलक्टर से हस्तक्षेप कर उसे न्याय दिलाने तथा कथित रूप से हो रहे उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग की है।
