
संगठनात्मक विस्तार पर चर्चा, संतपुरा के जगसीर सिंह बने ग्रामीण अध्यक्ष
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) राष्ट्रीय युवक परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित सर्किट हाउस में किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक विस्तार, ग्रामीण क्षेत्रों में परिषद की सक्रियता बढ़ाना तथा आगामी सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करना रहा। बैठक के दौरान संगठन विस्तार पर विचार-विमर्श करते हुए संगरिया तहसील के गांव संतपुरा निवासी जगसीर सिंह को ग्रामीण अध्यक्ष नियुक्त किया गया। नवनियुक्त अध्यक्ष के चयन पर उपस्थित परिषद सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर संगरिया क्षेत्र से कई वरिष्ठ नागरिक व संतपुरा के सरपंच सुखजीत सिंह,विनोद गोदारा,निहाल सिंह,संदीप,प्रदीप,वीरेन्द्र जैन,दिनेश शर्मा,विनोद प्रजापत,रामलाल कावलिया, किशोर सिंह,पवन सोनी आदि विशेष रूप से मौजूद रहे, जिनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।कार्यक्रम में संगठन की भावी योजनाओं, सामाजिक दायित्वों और सेवा कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने अपने संबोधन में कहा कि जगसीर सिंह एक मिलनसार और सेवा भाव से परिपूर्ण व्यक्तित्व हैं। वे गौ-भक्ति, समाज सेवा तथा गरीब और जरूरतमंद लोगों के सुख-दुख में सदैव आगे रहते हैं। उनके परिषद से जुड़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को नई दिशा और गति मिलेगी। जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने नवनियुक्त ग्रामीण अध्यक्ष को निर्देश दिए कि वे 15 दिनों के भीतर अपनी ग्रामीण कार्यकारिणी का विस्तार करें और उसकी विस्तृत रिपोर्ट परिषद कार्यालय में प्रस्तुत करें, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके। इस अवसर पर नवनियुक्त अध्यक्ष जगसीर सिंह ने परिषद के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे शीघ्र ही ग्रामीण कार्यकारिणी का गठन कर संगठन को मजबूत करने की दिशा में कार्य करेंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि आने वाले समय में समाज सेवा के साथ-साथ पशु एवं पक्षियों के संरक्षण के लिए भी ठोस कदम उठाए जाएंगे। विशेष रूप से बेजुबान पक्षियों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था हेतु विभिन्न स्थानों पर परिंडे लगाए जाएंगे। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संगठन को सशक्त बनाने, सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक सरोकारों के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में परिषद के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
