
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं सुशासन की भावना को साकार करते हुए जंक्शन स्थित दुर्गा कॉलोनी में दुर्गा मंदिर धर्मशाला में शहरी सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं का समाधान प्राप्त किया। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में आमजन की शिकायतों एवं प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किए जाने से लोगों को काफी राहत मिली। शिविर में नियमित रूप से निवर्तमान सभापति सुमित रणवा के साथ अन्य पार्षद अपनी सेवाएं दे रहे हैं और आमजन की समस्याओं का निराकरण करने में कार्य कर रहे हैं जिससे कि माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुसार अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति को उक्त शिविर का लाभ मिल सके।शिविर का उद्देश्य नागरिकों को सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना था। शिविर में पट्टों, नामांतरण, बिजली, पेयजल, स्वच्छता, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने मौके पर ही प्रकरणों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए कई मामलों का निस्तारण किया। इस मौके पर निवर्तमान सभापति सुमित रणवां, आयुक्त सुरेंदर यादव, पूर्व उपसभापति नगीना बाई, पार्षद गुरदीप सिंह बराड़ बब्बी, पार्षद राजेन्द्र चौधरी, पार्षद मदन बाघला, नारायण नायक ने मौके पर आमजन की समस्याएं सुनी और तुरन्त मौके पर नगरपरिषद कर्मचारियों को निर्देशित कर समाधान करवाया व साथ ही मौके पर लाभार्थियों को प्रमाण पत्र व पट्टों का भी वितरण किया। वक्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार आमजन को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आयोजित किए जा रहे ऐसे शिविरों का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समाधान उनके घर के नजदीक करना है, ताकि उन्हें सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन सरकार की प्राथमिकता है और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है। सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा सूचना एवं सहायता स्टॉल भी लगाए गए। यहां नागरिकों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की गई। शिविर में पहुंचे लोगों ने राज्य सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनसुविधाओं को घर-घर तक पहुंचाने वाला प्रभावी कदम बताया।
