
आरोग्य भवन में निःशुल्क हड्डी जांच शिविर में हुए अनेकों लोग लाभंावित, अत्याधुनिक एक्यूप्रेशर मशीन का भी हुआ शुभारंभ
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) अग्रवाल समाज समिति एवं आयुर्वेद विभाग हनुमानगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आरोग्य भवन में आयोजित कार्यक्रम में योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों का सम्मान किया गया तथा आमजन के स्वास्थ्य हित में निःशुल्क हड्डी जांच शिविर आयोजित करने की घोषणा भी की गई। कार्यक्रम में विधायक गणेशराज बंसल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ अग्रवाल समाज समिति के संरक्षक बाबूराम चमड़िया, अशोक गर्ग, प्रोजेक्ट चेयरमैन हरपाल गर्ग, व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष गोपाल जिंदल सहित अनेक गणमान्य नागरिक मंचासीन रहे। अतिथियों ने समिति द्वारा संचालित स्वास्थ्य एवं सामाजिक गतिविधियों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया। अतिथियों ने अत्याधुनिक एक्यूप्रेशर मशीन का भी शुभारम्भ किया। समिति अध्यक्ष सुभाष बंसल ने बताया कि अग्रवाल समाज समिति द्वारा समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों को निरंतर विस्तार दिया जा रहा है। इसी कड़ी में आरोग्य भवन में आमजन की सुविधा के लिए अत्याधुनिक एक्यूप्रेशर थैरेपी की नई मशीन खरीदी गई है, जिसका लाभ अब शहरवासी निशुल्क प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाना समिति की प्राथमिकताओं में शामिल है और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी प्रयास जारी रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान आरोग्य भवन में संचालित योग कक्षाओं की निदेशक डॉ. दुर्गा स्वामी एवं योगाचार्य संदीप कुमार को योग के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि योग आज केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन का प्रभावी माध्यम बन चुका है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है।
इस अवसर पर समाज हित में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए महाराजा अग्रसेन पार्क में निःशुल्क हड्डी जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बीएमडी मशीन द्वारा रोगियों की हड्डियों की निःशुल्क जांच की गई। इसके अलावा आयुर्वेदिक परामर्श, रक्तचाप (बीपी) एवं शुगर जांच की सुविधा भी निशुल्क उपलब्ध रही।
शिविर में डॉ. आनंद कुमार बंसल (बीएएमएस, डीएनएचई, डी-फार्मा कैफे), एक्यूप्रेशर विशेषज्ञ ओंकार सिंह तथा जिला अस्पताल हनुमानगढ़ के अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित गोदारा (एमबीबीएस, एमएस ऑर्थाेपेडिक्स) अपनी सेवाएं देंगे और मरीजों को परामर्श एवं रोग निदान की सुविधा प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर गौचंद अग्रवाल, सेवानिवृत्त एंटी करप्शन विभाग अधिकारी गोरे लाल, रमन गर्ग, प्रेम कुमार, प्रहलाद राय, रविन्द्र डालमिया, आर.के. गर्ग, अनिल कुमार बंसल, तरसेम जिंदल, आशीष गोयल, सुरेश मित्तल, दिनेश कुमार गुप्ता, मुकेश मित्तल तथा महिला समिति की पूर्व अध्यक्षा सुनीता अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन मुकेश मित्तल ने किया। अंत में समिति अध्यक्ष सुभाष बंसल ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता के लिए ऐसे आयोजन भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
